एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश ने टीम इंडिया को 195 रनों का लक्ष्य दिया है. बांग्लादेश के लिए हबीबुर रहमान ने 65 रन बनाए, उनके अलावा एसएम महरूब ने 18 गेंद में 48 रनों की तूफानी पारी खेल भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. यासिर अली ने भी 9 गेंदों में 17 रनों का योगदान दिया. 19वें ओवर में 28 रन और बांग्लादेश ने अपनी पारी के अंतिम ओवर में 22 रन बटोरे.
अंतिम 3 ओवर में बने 61 रन
बांग्लादेश टीम के लिए एक समय 170 रन बनाने भी मुश्किल लग रहे थे. 17 ओवर में टीम का स्कोर 133 रन था, लेकिन आखिरी 3 ओवरों में भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई. 19वें ओवर में नमन धीर ने 4 छक्के और एक चौका समेत 28 रन लुटा दिए, वहीं अंतिम ओवर में विजयकुमार वैशाक ने 22 रन दे डाले. आखिरी 2 ओवर में ही बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने 6 छक्के और 3 चौके लगाए. भारतीय गेंदबाज वैशाक ने 4 ओवर के स्पेल में 51 रन लुटाए.
बांग्लादेश की शुरुआत धमाकेदार हुई थी, जहां हबीबुर रहमान और जीशान आलम ने 43 रनों की सलामी साझेदारी की. अच्छी शुरुआत के बाद भारतीय गेंदबाजों ने मिडिल ओवरों में बांग्लादेश के स्कोरबोर्ड पर ब्रेक लगा दी थी. 17 ओवर में बांग्लादेश का स्कोर सिर्फ 133 रन था. 194 का स्कोर बिल्कुल असंभव प्रतीत हो रहा था. मगर एसएम महरूब और यासिर अली ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.
भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट गुरजपनीत सिंह ने लिए, जिन्होंने 2 बल्लेबाजों को आउट किया. उनके अलावा हर्ष दुबे, सुयश शर्मा, रमनदीप सिंह और नमन धीर ने एक-एक विकेट लिया. बताते चलें कि बांग्लादेशी पारी में चौकों से ज्यादा छक्के लगे. बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने 15 छक्के और 9 चौके लगाए.
यह भी पढ़ें:
कप्तान ऋषभ पंत का दूसरे टेस्ट पर बड़ा बयान, गुवाहाटी की पिच पर जो कहा आपको कर देगा हैरान
