Last Updated:
सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कड़गम के लीडर थलापति विजय का राजनीतिक करियर में मुश्किलों से घिरा है. करूर भगदड़ मामले में वह सीबीआई जांच के घेरे में हैं, जिसमें 41 मासूमों की जान चली गई थी.
करूर हादसे में 41 लोगों की जान चली गई थी. (फोटो साभार: IANS)नई दिल्ली: थलापति विजय से सीबीआई ने 6 घंटे तक सवाल-जवाब किए. लगातार 6 घंटे तक पूछताछ के बाद जब वे सीबीआई दफ्तर से बाहर निकले, तो उनके चेहरे पर थकान और तनाव नजर आया. विजय ने अपने बचाव में कहा कि न तो वे और न ही उनकी पार्टी इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार हैं.
विजय ने दावा किया कि जैसे ही उन्होंने भीड़ को अनियंत्रित होते देखा, उन्होंने अपना भाषण रोक दिया और वहां से हट गए, ताकि भीड़ को और बढ़ने से रोका जा सके. सीबीआई अब पुलिस के उस बयान की जांच कर रही है, जिसमें कहा गया था कि अभिनेता के देर से आने की वजह से भीड़ बेकाबू हुई, जबकि क्षमता से अधिक लोग पहले से ही वहां मौजूद थे.
41 लोगों की चली गई थी जान
करूर त्रासदी 27 सितंबर 2025 को घटी थी. एक्टर की एक राजनीतिक जनसभा के दौरान भारी भगदड़ मच गई थी,जिसमें 41 लोग मारे गए थे और 50 से अधिक घायल हुए थे. आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, विजय ने हर एक मृतक के परिवार को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की थी.
सीबीआई जांच का इमेज पर असर
विजय सिर्फ एक अभिनेता नहीं हैं, बल्कि दक्षिण भारत की एक बड़ी हस्ती हैं. उन्होंने ‘नालैया थीरपु’ से एक युवा एक्टर के रूप में पहचान बनाई. उनकी सामाजिक और राजनीतिक विषयों वाली फिल्मों जैसे ‘सरकार’, ‘मर्सल’ ने उन्हें ‘थलापति’ का खिताब दिलाया, जिसका मतलब होता है- सेनापति. उन्होंने 2024 में अपनी पार्टी TVK लॉन्च करके आधिकारिक तौर पर राजनीति में कदम रखा. सीबीआई जांच विजय के राजनीतिक करियर के भविष्य और उनकी पार्टी की इमेज के लिए बहुत अहम है, क्योंकि तमिलनाडु में अगले चुनावों में उन्हें एक बड़े खिलाड़ी के रूप में देखा जा रहा है.
फिल्म ‘जन नायकन’ पर भी विवाद
थलापति विजय की अगली और सबसे अहम फिल्म का नाम ‘जन नायकन’ है, जिसे ‘थलापति 69’ के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि यह उनके करियर की 69वीं फिल्म है. यह उनकी आखिरी फिल्म है. इसके बाद वे पूरी तरह से सिनेमा से संन्यास ले लेंगे और अपनी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम पर ध्यान देंगे. हालांकि, इसकी रिलीज डेट पर सस्पेंस है. फिल्म पहले 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली थी. सेंसर बोर्ड के साथ चल रहे विवादों और कानूनी अड़चनों के कारण इसकी रिलीज में थोड़ी देरी हुई है. अब यह फिल्म 14 जनवरी 2026 को रिलीज हो सकती है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
