2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए धीरे-धीरे स्क्वाड सामने आने लगे हैं. अब तक भारत ने अपना 15 सदस्यीय स्क्वाड घोषित किया है, वहीं श्रीलंका अपना प्रीलिमिनरी स्क्वाड घोषित कर चुका है, जिसमें अभी बदलाव संभव हैं. वर्ल्ड कप अगले साल 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा. इसी बीच इंग्लैंड के दिग्गज स्पिन गेंदबाज मोंटी पनेसर ने टी20 वर्ल्ड कप के अंतिम-4 में जाने वाली टीमों की भविष्यवाणी कर दी है. इसके साथ ही उन्होंने भारत के अगले टी20 कप्तान को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है.
सेमीफाइनल टीमों पर पनेसर की भविष्यवाणी
मोंटी पनेसर ने एक मीडिया इंटरव्यू में भविष्यवाणी करते हुए कहा, “इस बार भारत, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचेंगे. इंग्लैंड बड़ी टीमों को हरा देती है, यह उसकी ताकत है. मुझे नहीं लगता कि न्यूजीलैंड अभी ज्यादा मजबूत टीम है. दक्षिण अफ्रीका और भारत बहुत मजबूत हैं, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम भी अच्छी है.”
पनेसर ने एक और चौंकाने वाली भविष्यवाणी करते हुए कहा कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतेंगे. सूर्यकुमार जो इस साल खराब फॉर्म से जूझते रहे हैं. कप्तान सूर्यकुमार ने पिछली 19 टी20 पारियों में 13.62 के बेकार औसत से केवल 218 रन बनाए हैं.
टी20 वर्ल्ड कप ना जीतने पर, भारत का कप्तान कौन?
सूर्यकुमार यादव का टी20 में कप्तानी रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है. उनकी कप्तानी में अब तक भारत ने 38 मैच खेले हैं, जिनमें उसने 28 मुकाबले जीते और सिर्फ 6 मैच हारे हैं. जबकि 2 मैच टाई और दो मुकाबले ड्रॉ रहे.
पनेसर ने कहा कि अगर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत टी20 वर्ल्ड चैंपियन नहीं बन पाता है, तो अक्षर पटेल नए कप्तान बन सकते हैं. पनेसर के अनुसार टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को ऑलराउंडर खिलाड़ी पसंद हैं, इसलिए उन्होंने अक्षर पटेल को कप्तान बनाए जाने की भविष्यवाणी की है, जो दमदार बैटिंग के साथ-साथ गेंदबाजी भी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें:
फैंस के लिए बुरी खबर, लाइव नहीं देख पाएंगे विराट कोहली और रोहित शर्मा का विजय हजारे ट्रॉफी का मैच
