तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हरा दिया. विराट कोहली ने तीन मैचों में 302 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला. इस सीरीज में उन्होंने 2 शतक और एक अर्धशतक लगाकर कई सारे रिकॉर्ड भी तोड़े. यहां देखिए उन 10 रिकॉर्ड्स की लिस्ट, जो विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में बनाए हैं.
विराट कोहली ने बनाए 10 रिकॉर्ड:
एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक: विराट कोहली एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले क्रिकेटर भी बन गए हैं. सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट में 51 शतक लगाए थे, लेकिन ODI में विराट के नाम अब 53 सेंचुरी हो गई हैं, जो किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा हैं.
घरेलू मैदानों पर 25 सेंचुरी का आंकड़ा छुआ: विराट कोहली घरेलू मैदानों पर 25 ODI शतकों का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं. वो अब भारतीय मैदानों पर खेलते हुए 26 शतक लगा चुके हैं.
सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड: मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले क्रिकेटर बन गए हैं. उन्होंने सचिन तेंदुलकर (19) का रिकॉर्ड तोड़ा. विराट अब 20 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज बने हैं.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI शतक: विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 7 शतक लगाए हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं.
विराट और रोहित ने एकसाथ सबसे ज्यादा मैच खेले: विराट कोहली और रोहित शर्मा अब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एकसाथ सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली भारतीय जोड़ी बन गए हैं. उन्होंने अब एकसाथ 394 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं. उन्होंने सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के 391 मैचों का रिकॉर्ड तोड़ा.
11वीं बार लगातार 2 ODI शतक: विराट कोहली ने अपने वनडे करियर में कुल 11वीं बार ऐसा किया है, जब उन्होंने लगातार 2 पारियों में शतक लगाया हो. उनसे पहले ऐसा कोई नहीं कर पाया है. उनके बाद इस सूची में एबी डिविलियर्स का नाम आता है, जिन्होंने 6 बार ऐसा किया था.
लगातार 4 या उससे ज्यादा पारियों में 50+ स्कोर: विराट कोहली ने अपने वनडे करियर में 9 बार ऐसा किया है, जब उन्होंने लगातार 4 या उससे ज्यादा पारियों में 50 या उससे अधिक स्कोर बनाया हो. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 मैच और उससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम ODI में 74 रन बनाए थे.
34 अलग-अलग जगहों पर शतक: विराट कोहली ने अब अपने वनडे करियर में 34 अलग-अलग जगहों पर शतक लगाया है. इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है.
रोहित-कोहली की शतकीय पार्टनरशिप का रिकॉर्ड: विराट कोहली ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर ODI क्रिकेट इतिहास में 20वीं बार शतकीय साझेदारी की. उन्होंने कुमार संगाकारा और तिलकरत्ने दिलशान की बराबरी की. अब सिर्फ सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली उनसे आगे हैं, जिन्होंने 26 बार शतकीय पार्टनरशिप की थी.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ स्कोर: विराट कोहली ने तीनों फॉर्मेट में मिलाकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बना दिया है. विराट ने 27 बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50+ स्कोर बनाया है.
