नई दिल्ली. प्रभास की मच-अवेटेड फिल्म ‘द राजा साब’ से जैसी उम्मीदें थीं, फिलहाल वैसा जादू पर्दे पर नहीं दिख रहा है. कई बार टलने के बाद यह हॉरर-कॉमेडी 9 जनवरी को रिलीज तो हुई, लेकिन क्रिटिक्स और फैंस की मिली-जुली राय ने इसकी राह मुश्किल कर दी है. हालांकि, प्रभास के जबरदस्त स्टार पावर की बदौलत फिल्म को बंपर ओपनिंग मिली, लेकिन कमजोर कहानी के चलते दूसरे ही दिन कमाई में बड़ी गिरावट देखी गई. अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या यह फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर वापसी कर पाएगी या नहीं.
दूसरे दिन 50 प्रतिशत गिर गई ‘द राजा साब’ की कमाई
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘द राजा साब’ की कमाई में दूसरे दिन बड़ी गिरावट देखी गई है. शनिवार को फिल्म ने करीब 27.83 करोड़ का कलेक्शन किया, जो कि पहले दिन की 53.75 करोड़ की कमाई के मुकाबले लगभग 50 फीसदी कम है. दो दिनों के बाद फिल्म का नेट कलेक्शन अब 81.58 करोड़ तक पहुंच गया है. पेड प्रीव्यू की कमाई को मिलाकर द राजा साब ने टोटल 90.73 करोड़ का बिजनेस कर लिया है. थिएटरों में भीड़ की बात करें तो, तेलुगु वर्जन में शनिवार को औसत ऑक्यूपेंसी 44 फीसदी रही.
‘द राजा साब’ के मेकर्स से नाराज प्रभास के फैंस?
द राजा साब को लेकर प्रभास के फैंस की शिकायतों को देखते हुए मेकर्स ने बड़ा फैसला लिया है. दरअसल, कई लोगों का कहना है कि ट्रेलर में दिखाए गए कुछ सीन्स फिल्म से गायब हैं. इसी बीच, शनिवार को हैदराबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डायरेक्टर मारुति ने ऐलान किया कि फिल्म में प्रभास के बुजुर्ग अवतार वाले नए सीन जोड़ दिए गए हैं.
द राजा साब फिल्म में जोड़े गए काटे गए सीन्स
मारुति ने कहा, ‘फैंस की बातों को ध्यान में रखते हुए मैं कल शाम को खुद बैठा, ताकि फिल्म के सेकंड हाफ को और बेहतर बना सकूं. आज शाम 6 बजे के शोज से वो गायब सीन्स फिल्म में जोड़ दिए गए हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि ये 8-9 मिनट का नया एपिसोड लोगों के होश उड़ा देगा. अब तक किसी भी फिल्म में छत पर लड़ाई वाला ऐसा सीन नहीं दिखाया गया है, इसके लिए प्रभास ने बहुत मेहनत की है.
द राजा साब मूवी की स्टारकास्ट
गौरतलब है कि हॉरर कॉमेडी फिल्म द राजा साब को मारुति ने लिखा और डायरेक्ट किया है. इस फिल्म में प्रभास के अलावा संजय दत्त, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार अहम किरदारों में नजर आते हैं. उनके अलावा बोमन ईरानी और जरीना वहाब भी फिल्म का हिस्सा हैं.
