Last Updated:
Bollywood Blockbuster Movie : बॉलीवुड में कुछ फिल्में ऐसी हैं जिनमें गीत-संगीत इतना मधुर था कि आज भी इस फिल्म के गाने पार्टी-फंक्शन में सुनाई देते हैं. फिल्म की कहानी-एक्शन इतना परफेक्ट था कि दर्शक एक सेकंड के लिए भी स्क्रीन से नजर नहीं हटा पाए. सबसे दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में करीब 26 साल पहले रिकॉर्ड हुआ गाना बिल्कुल ही नए अंदाज में आया था. छोटे कस्बो-शहरों में इस ब्लॉकबस्टर फिल्म को लेकर एक अलग ही क्रेज देखने को मिला था. इस फिल्म में हीरो ही विलेन था. यह फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं….

बॉलीवुड में कुछ फिल्में ऐसी भी बनी हैं जो कहानी-एक्शन-गीत-संगीत, डायरेक्शन-लोकेशन हर लिहाज से परफेक्ट लगती हैं. 31 साल पहले ऐसी ही एक फिल्म सिनेमाघरों में आई थी जिसने बॉलीवुड के दो हीरो की पहचान सही मायने में एक एक्शन हीरो के तौर पर स्थापित की. यह फिल्म थी : मोहरा जिसे 1 जुलाई 1994 को रिलीज किया गया था. राजीव राय डायरेक्टर थे.

मोहरा फिल्म हर लिहाज से फुल इंटरटेनर मूवी थी. फिल्म के गाने-डायलॉग, विलेन के अजीबो-गरीब नाम दर्शकों के दिल में खास जगह बनाने में कामयाब हुए थे. वैसे तो फिल्म के सभी गाने अच्छे थे लेकिन तीन गाने ‘ना कजरे की धार’ और ‘टिप-टिप बरसा पानी’ ‘तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त’ बहुत पॉप्युलर हुए थे. मोहरा फिल्म ने सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार को एक्शन हीरो के तौर पर बॉलीवुड में स्थापित किया. रवीना टंडन को रातोंरात स्टारडम दिया था. विलेन के रोल में नसीरुद्दीन शाह ने महफिल लूट ली थी.

सबसे दिलचस्प बात यह है कि 26 साल पहले रिकॉर्ड हुए एक गाने को फिल्म में शामिल किया गया था. यह गाना था : ‘ना कजरे की धार, ना मोतियों की हार’. इसे 1967-68 के दौरान संगीतकार कल्याण जी-आनंद जी ने रिकॉर्ड किया था. इस गाने को लीजेंड सिंगर मुकेश ने गाया है. यह गाना आज भी यूट्यूब पर मुकेश की आवाज में मौजूद है. गीत इंदीवर ने लिखा था. जिस फिल्म के लिए यह गाना रिकॉर्ड हुआ था, वो मूवी कभी रिलीज ही नहीं हुई.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिल्म में ‘ना कजरे की धार’ गाना सुनील शेट्टी और पूनम झावर पर फिल्माया गया था. फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच बोलचाल नहीं था. इस फिल्म के बाद सुनील शेट्टी ने कभी भी पूनम झावर से बात नहीं की. पूनम झावर मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं. मोहरा में साड़ी में नजर आने वाली पूनम ने फिल्मों में मिली नाकामयाबी के बाद सिगिंग में हाथ आजमाए लेकिन किस्मत नहीं पलटी. फिर उन्होंने बोल्ड कंटेट बनाना शुरू कर दिया. बहुत ही आपत्तिजनक फोटो खिंचवाए. बोल्ड फोटोशूट भी करवाए.

90 के दशक के सबसे पॉप्युलर गाने में शुमार ‘तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त’ के बनने की कहानी और भी दिलचस्प है. विजू शाह ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि इस गाने के शुरुआती बोल ‘ये हुस्न-हुस्न है मस्त-मस्त’. ये डमी बोल थे. राजीव राय एक आइटम सॉन्ग चाह रहे थे. राजीव राय के पिता ने आनंद बख्शी से गाना लिखने का अनुरोध किया था. आनंद बख्शी ने शुरुआत में ‘मस्त-मस्त’ का मतलब मौज समझा था और फकीराना अंदाज में गाना लिखा था. फिर डायरेक्टर राजीव राय ने उन्हें सिचुएशन समझाई और मस्त-मस्त का सही मतलब समझाया.

दूसरी मुलाकात में विजू शाह गीतकार आनंद बख्शी के पास रिद्म बॉक्स लेकर गए थे. विजू शाह ने उन्हें समझाया कि ‘मस्त-मस्त’ शब्द गाने के मुखड़े में आना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि जब कोई लड़की जाती है तो टपोरी उसे देखकर किस तरह मस्त-मस्त बोलता है, वैसा फील का गाना चाहिए. तीसरी मुलाकात में 15 मिनट की चुप्पी के बाद आनंद बख्शी ने कहा कि पेन उठाओ और गाना लिखो. ‘तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त’. गाने के बोल सुनते ही डायरेक्टर राजीव राय खुशी से झूम उठे और बोले कि यही गाना चाहिए था. गाने में ‘मस्त-मस्त’ सिर्फ मुखड़े में था और विजू शाह पूरे गाने में इसके तुकबंदी शब्द चाह रहे थे. एक बार और सिटिंग हुई. 6 दिन में गाना पूरा हुआ.

मोहरा फिल्म का एक और गाना ‘ऐ काश कहीं ऐसा होता, कि दो दिल होते सीने में’ दिलीप कुमार की 1992 की अनरिलीज्ड फिल्म ‘कलिंगा’ से लिया गया था. इस गाने को आनंद बख्शी ने लिखा था. दिलीप कुमार के डायरेक्शन में बनने वाली कलिंगा फिल्म में शिल्पा शिरोडकर, राज बब्बर, रूपा गांगुली, किरण जुनेजा लीड रोल में थे, बाद में यह फिल्म बंद हो गई.

करीब 4 करोड़ के बजट में बनी मोहरा फिल्म ने 23 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. मोहरा 1994 में सबसे ज्यादा कमाई करने करने वाली फिल्मों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रही थी. फिल्म में सुनील शेट्टी के मसल, अक्षय कुमार और रवीना की रोमांटिक जोड़ी, ‘टिप-टिप बरसा पानी’ में पीली साड़ी पहने पानी में रवीना टंडन की अदाओं ने खास तौर पर सुर्खियां बटोरी थीं. रवीना टंडन की खूबसूरती और उनकी मस्त-मस्त अदाओं ने पर्दे पर आग लगा दी थी. फिल्म में नसीरुद्दीन शाह मेन विलेन बने हुए थे. राजीव राय और नसीरुद्दीन शाह की यह तीसरी फिल्म थी. दोनों इससे पहले त्रिदेव और विश्वात्मा में भी काम कर चुके थे. नसीरुद्दीन शाह ने निगेटिव रोल में दमदार एक्टिंग से दर्शकों को चौंका दिया था.
