April 9, 2026
c13480a6f491001fdf6d1792c3e52b9b1769087623633397_original.jpg
Spread the love


बांग्लादेश की टेस्ट टीम के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को बड़ी नसीहत दी है. शांतो का यह बयान बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड में हिस्सा ना लेने के एलान के बाद आया है. शांतो ने कहा कि पिछले एक-दो साल में मैदान के बाहर के माहौल ने क्रिकेट को बहुत नुकसान पहुंचाया है.

बांग्लादेश प्रीमियर लीग यानी बीपीएल के एक मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शांतो ने कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर पिछले एक-दो साल में मैदान के बाहर के माहौल ने क्रिकेट को बहुत नुकसान पहुंचाया है. जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से मेरी अपील है कि वे एक साथ आएं, समाधान निकालें, और यह सुनिश्चित करें कि क्रिकेट चलता रहे. बेहतर प्रशासन और स्पष्ट योजना के बिना अनिश्चितता बढ़ती रहेगी, जिसका असर खिलाड़ियों और खेल दोनों पर पड़ेगा.”

शांतो ने यह भी कहा कि अगर बांग्लादेश विश्व कप में हिस्सा नहीं ले पाता है, तो बीसीबी को खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए एक मजबूत, सुव्यवस्थित घरेलू प्रतियोगिता का आयोजन करना चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को निरंतर प्रतिस्पर्धा मिलती रहे. उन्होंने ढाका सहित घरेलू क्रिकेट के आयोजन में सुधार की मांग करते हुए कहा कि पिछले संस्करणों की तुलना में टूर्नामेंट को बेहतर और अधिक सुचारु ढंग से आयोजित किया जाना चाहिए.

ऑन-फील्ड और ऑफ-फील्ड मुद्दों को अलग रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए शांतो ने चेतावनी दी कि प्रशासनिक टकराव बांग्लादेश क्रिकेट की प्रगति, प्रतिस्पर्धात्मकता और भविष्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं. मौजूदा स्थिति में उनकी अपील क्रिकेट समुदाय की उस साझा चिंता को दर्शाती है जो खेल की रफ्तार बनाए रखने के लिए जिम्मेदार नेतृत्व की मांग कर रही है.

बता दें कि बांग्लादेश ने आईसीसी से अनुरोध किया था कि 2026 टी20 वर्ल्ड के उनके मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट कर दिए जाएं. हालांकि, आईसीसी ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया और फिर बांग्लादेश सरकार ने अपनी टीम को इस वैश्विक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से मना कर दिया. अब आईसीसी ने बांग्लादेश के रिप्लेसमेंट का एलान भी कर दिया है. बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में शामिल किया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks