Last Updated:
नागा चैतन्य ने ‘लाल सिंह चड्ढा’ के बाद बॉलीवुड में अपने गैप और अब तक कोई नई हिंदी फिल्म साइन न करने की वजह बताई है. साल 2022 में आई ‘लाल सिंह चड्ढा’ को ऑडियंस से मिला जुला रिस्पांस मिला. उन्होंने कहा कि वह तेलुगू इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और वहां, बहुत बिजी हैं. बॉलीवुड में एक अच्छे प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे हैं.

नागा चैतन्य ने सिर्फ 1 बॉलीवुड फिल्म की है. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम)
मुंबई. नागा चैतन्य तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के बड़े स्टार हैं. साल 2022 में आई आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा’ से उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू किया. हालांकि फिल्म उम्मीद के मुताबिक नहीं चली, लेकिन अभिनेता का कहना है कि इसका असर उनके फैसलों पर नहीं पड़ा. लेकिन उसके बाद कोई नई हिंदी फिल्म साइन नहीं की है. फैंस लगातार उनके बॉलीवुड से गायब रहने पर सवाल कर रहे हैं, जबकि पैन-इंडिया फिल्मों का ट्रेंड बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि बॉलीवुड डेब्यू के बाद गैप लेना कोई सोच-समझकर किया गया फैसला नहीं था.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, नागा चैतन्य ने कहा,”कोई खास वजह नहीं है. मेरी नजरें खुली हैं. बस उस फिल्म के बाद मैं यहां (तेलुगू इंडस्ट्री) में प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा हूं और उसमें काफी समय और मेहनत लग गई. मैं हिंदी में एक अच्छे मौके का इंतजार कर रहा हूं और मेरी सारी एनर्जी वहां कुछ खास करने के लिए है.”
‘लाल सिंह चड्ढा’ को मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद नागा चैतन्य को इस प्रोजेक्ट पर कोई पछतावा नहीं है. बल्कि वह इस अनुभव और वहां के लोगों की तारीफ करते हैं. उन्होंने कहा,”नहीं, क्योंकि मुझे उस फिल्म की शूटिंग में बहुत मजा आया. मैंने बहुत कुछ सीखा और वहां के लोग बहुत गर्मजोशी से मिले और मेरी बहुत अच्छी देखभाल की. तो अनुभव शानदार रहा.”
नागा चैतन्य ने कहा, “जहां तक बॉक्स ऑफिस की बात है, मुझे लगता है हम इतने मैच्योर हैं कि समझ सकते हैं कि कुछ फिल्मों में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन इससे हमारी कोशिशें नहीं रुकती. तो सफलता ने मेरी सोच को बिल्कुल नहीं बदला.” आजकल जब कलाकार अलग-अलग इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं, नागा चैतन्य मानते हैं कि भाषा अब कोई बाधा नहीं रही. उनके लिए किसी प्रोजेक्ट को चुनने का फैसला पूरी तरह रोल और टीम पर निर्भर करता है.
नागा चैतन्य कहा, “मेरे लिए सही समय की बात नहीं है, आखिर में स्क्रिप्ट ही सबसे जरूरी है. मैं दिल से एक एक्टर हूं और यह इस बात पर निर्भर करता है कि मुझे किस तरह के किरदार और रोल मिलते हैं. भाषा अब कोई बाधा नहीं है, दर्शक हर तरह की फिल्मों को देख रहे हैं. मेरे लिए किरदार सबसे अहम है, जो मुझे किसी प्रोजेक्ट के लिए प्रेरित करेगा और मैं यह हर भाषा में लागू करता हूं. मैं हिंदी फिल्म करने के लिए तैयार हूं, लेकिन वह मुझे मोटिवेट करनी चाहिए.”
About the Author
रमेश कुमार, सितंबर 2021 से न्यूज 18 हिंदी डिजिटल से जुड़े हैं. इससे पहले एबीपी न्यूज, हिंदीरश (पिंकविला), हरिभूमि, यूनीवार्ता (UNI) और नेशनल दुनिया में काम कर चुके हैं. एंटरटेनमेंट, एजुकेशन और पॉलिटिक्स में रूच…और पढ़ें
