Last Updated:
टीवी एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित रियलिटी शो ‘द 50’ के बाद एक गंभीर विवाद में फंस गई हैं. शो के दौरान कंटेंट क्रिएटर वंशज सिंह के साथ हुई उनकी बहस ने अब खतरनाक मोड़ ले लिया है. रिद्धिमा ने खुलासा किया है कि उन्हें सोशल मीडिया पर रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं. इन धमकियों और साइबर हैरेसमेंट के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए रिद्धिमा ने वंशज सिंह को लीगल नोटिस भेजा है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

रिद्धिमा पंडित ‘द 50’ में नजर आई थीं.
नई दिल्ली: टीवी एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित इन दिनों एक बड़े विवाद से घिरी हुई हैं, जिसकी शुरुआत रियलिटी शो ‘द 50’ से हुई थी. रिद्धिमा ने बताया कि उन्होंने इस शो में इसलिए हिस्सा लिया था ताकि लोग उनके असली शख्सियत को जान सकें, क्योंकि रियलिटी शोज बिना किसी स्क्रिप्ट के खुद को पेश करने का मौका देते हैं. हालांकि, उनका सफर छोटा रहा और उन्हें अपनी काबिलियत दिखाने का उतना मौका नहीं मिला जितने की उन्हें उम्मीद थी. रिद्धिमा ने कहा कि वह असल जिंदगी में झगड़ालू इंसान नहीं हैं और अक्सर विवादों को इग्नोर करना ही पसंद करती हैं, लेकिन शो के दौरान हालात कुछ ऐसे बने कि उन्हें अपनी गरिमा के लिए आवाज उठानी पड़ी.
शो के दूसरे कंटेस्टेंट और कंटेंट क्रिएटर वंशज सिंह के साथ विवाद की जड़ उनकी तीखी बहस बनी. रिद्धिमा का कहना है कि जब नेशनल टेलीविजन पर कोई आपके बारे में गलत बोले, तो अपना बचाव करना जरूरी हो जाता है. लेकिन मामला शो तक ही सीमित नहीं रहा, शो से बाहर आने के बाद भी उन्हें सोशल मीडिया पर बुरी तरह निशाना बनाया जाने लगा. रिद्धिमा ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें रेप और जान से मारने तक की धमकियां दी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि वंशज के कुछ फॉलोअर्स उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं और आपत्तिजनक मैसेज भेज रहे हैं, जिसने उन्हें हिलाकर रख दिया है.
वंशज सिंह को भेजा लीगल नोटिस
रिद्धिमा ने शुरुआत में इन धमकियों को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब पानी सिर के ऊपर से गुजर गया, तो उन्होंने कानूनी रास्ता अपनाने का फैसला किया. रिद्धिमा ने साफ कर दिया है कि इस तरह का साइबर हैरेसमेंट बर्दाश्त के बाहर है. उन्होंने वंशज सिंह को लीगल नोटिस भेज दिया है और पुलिस के साइबर सेल में भी इसकी शिकायत दर्ज कराई है. यह पूरा मामला दिखाता है कि कैसे रियलिटी शोज की आपसी लड़ाई अब इंटरनेट की दुनिया में खतरनाक मोड़ ले चुकी है, जहां कलाकारों की सुरक्षा और सम्मान दांव पर लगा है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
