Last Updated:
बॉलीवुड की वो हसीना, जिसकी खूबसूरती लोगों को दीवाना बना देती थी. जिसका टैलेंट दे हॉलीवुड के डायरेक्टर भी एक्ट्रेस को अपनी फिल्मों में लेने के लिए उतावले हो जाया करते थे. लेकिन इस एक्ट्रेस ने ऑस्कर विनर डायरेक्टर का ऑफर भी ठुकरा दिया था. क्या आप बता सकते हैं, इस बला की खूबसूरत हसीना का नाम.

नई दिल्ली. मधुबाला का नाम लेते ही पुरानी हिंदी फिल्मों का सुनहरा दौर आंखों के सामने घूम जाता है. 14 फरवरी 1933 को दिल्ली में जन्मीं मधुबाला का असली नाम मुमताज जहां देहलवी था. बचपन से ही उनके चेहरे की मासूमियत और खूबसूरती ने सबका ध्यान खींच लिया था. यही वजह रही कि बहुत छोटी उम्र में ही उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रख दिया.

सिर्फ 9 साल की उम्र में उन्होंने फिल्म ‘बसंत’ से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम शुरू किया. इसके बाद उनका सफर कभी रुका नहीं. धीरे-धीरे वह बॉलीवुड की सबसे बड़ी और सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में गिनी जाने लगीं. उनकी लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि विदेशों में भी उनके चर्चे होने लगे.

उसी दौर में एक बड़ा और हैरान कर देने वाला ऑफर उनके पास आया. ऑस्कर विजेता डायरेक्टर फ्रैंक कैप्रा ने उन्हें अमेरिका में बड़े बजट की फिल्मों का ऑफर भेजा था. यह ऑफर उन्हें हॉलीवुड में भी लोकप्रियता दिला सकता था, लेकिन मधुबाला ने ये बड़ा ऑफर भी रिजेक्ट कर दिया था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

उस समय किसी भारतीय अभिनेत्री को ऐसा मौका मिलना बहुत बड़ी बात थी. यह ऑफर उनके करियर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई दे सकता था. लेकिन मधुबाला ने अपने टैलेंट से बॉलीवुड में ऐसा काम किया कि उनका नाम अमर हो गया.

उन्होंने अपने परिवार और देश को प्राथमिकता दी. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन उनके लिए असली सफलता सिर्फ नाम और पैसा नहीं, बल्कि अपने मूल्यों के साथ खड़े रहना था.

करीब 22 साल के करियर में मधुबाला ने लगभग 70 फिल्मों में काम किया. ‘महल’, ‘मुगल-ए-आजम’ और ‘चलती का नाम गाड़ी’ जैसी फिल्मों ने उन्हें सिनेमा की सौंदर्य देवी बना दिया. हालांकि उनकी निजी जिंदगी उतनी आसान नहीं रही. बचपन में आर्थिक तंगी और बाद में दिल की गंभीर बीमारी ने उन्हें लगातार परेशान किया.

‘मुगल-ए-आजम’ की शूटिंग के दौरान भी वह दिल की बीमारी से जूझ रही थीं, फिर भी उन्होंने अपना काम पूरा किया. 23 फरवरी 1969 को सिर्फ 36 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. लेकिन उनका नाम और उनकी मुस्कान आज भी सिनेमा प्रेमियों के दिलों में जिंदा है.

बता दें कि मधुबाला की खूबसूरती ऐसी थी कि कहा जाता है कि उनका चेहरा देखकर उस दौर में लाइट्समैन तक गिर जाया करते थे. शम्मी कपूर तो उनकी खूबसूरत चेहरे को देखकर उनके मुरीद हो गए थे, वह इतने खो गए थे कि अपने डायलॉग ही भूल गए थे. आज भी मधुबाला अपने काम के साथ अपनी खूबसूरती के लिए भी याद की जाती हैं.
