Last Updated:
अनीस बज्मी द्वारा लिखित ‘गोपी किशन’ को रिलीज के 31 साल पूरे हुए. सुनील शेट्टी ने डबल रोल निभाया, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और दर्शकों ने खूब सराहा.

‘हलचल’, ‘सैंडविच’, ‘नो एंट्री’ और ‘वेलकम’ जैसी कॉमेडी फिल्मों से प्रसिद्धि पाने वाले निर्देशक अनीस बज्मी ने 1994 में आई फिल्म ‘गोपी किशन’ का लेखन किया था, जिसने अपनी कॉमेडी के कारण अच्छी कमाई की थी. फिल्म का निर्देशन मुकेश दुग्गल ने किया था. मंगलवार को इस फिल्म की रिलीज के 31 साल पूरे होने पर अनीस ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया और यादों को ताजा किया.
उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “आज पीछे मुड़कर देखना बहुत अद्भुत लगता है, क्योंकि गोपी किशन को 31 साल पूरे हो गए हैं. इस फिल्म के लिए मुझे बहुत सम्मान मिला है और इसे पूरे देश के दर्शकों का बहुत प्यार और अपनापन मिला. उन सभी का धन्यवाद, जिन्होंने पिछले तीन दशकों से इस फिल्म को यादों में रखा है.”
सुनील शेट्टी ने निभाया था डबल रोल
फिल्म में सुनील शेट्टी ने दोहरी भूमिकाएं निभाई थीं. उनके साथ शिल्पा शिरोडकर और करिश्मा कपूर भी मुख्य भूमिकाओं में थीं. इसके अलावा, सुरेश ओबेरॉय, अरुणा ईरानी, मोहन जोशी, शम्मी, सत्येंद्र कपूर और मुश्ताक खान ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी.
जुड़वा भाईयों की कहानी
फिल्म की कहानी किशन और गोपी नाम के जुड़वा भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं. किशन एक अपराधी है जो अपने पिता को खोजने के लिए अपने भाई गोपी का उपयोग करता है, जबकि गोपी एक ईमानदार पुलिस वाला है. फिल्म के गाने और डायलॉग उस समय काफी मशहूर हुए थे.
डायरेक्टर के बारे में
अनीस बज्मी ने 1995 में ‘हलचल’ से अपने निर्देशन करियर की शुरुआत की थी. हालांकि, उन्हें 1998 में ‘प्यार तो होना ही था’ से पहली बड़ी व्यावसायिक सफलता मिली. अनीस की लेखन और निर्देशन शैली ने बॉलीवुड में हास्य और मनोरंजन का एक नया मापदंड स्थापित किया है.
About the Author

न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहीं वर्षा का डिजिटल मीडिया में 8 सालों का अनुभव है। एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू, इंटरव्यू और विश्लेषण इनकी विशेषज्ञता है। वर्षा ने जामिया मिल्…और पढ़ें
