IPL 2026 शुरू होने से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे में चिंताजनक वातावरण होगा, क्योंकि एक के बाद एक लगातार तेज गेंदबाज चोटिल हो रहे हैं. हर्षित राणा और आकाशदीप चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं, दूसरी ओर मथीशा पाथिराना पहले कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे, ऐसे में कोलकाता का तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट फीका पड़ चुका है.
अभी भी 3 बार की चैंपियन KKR के स्क्वाड में कप्तान अजिंक्य रहाणे, दिग्गज स्पिनर सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती के अलावा अंगकृष रघुवंशी के रूप में युवा जोश भी मौजूद है. कैमरून ग्रीन भी चर्चा का विषय होंगे, जिनपर कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑक्शन में 25.2 करोड़ रुपये लुटाए थे. यहां जान लीजिए कि 3 मुख्य तेज गेंदबाजों के बिना कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन कैसी दिख सकती है.
KKR की बेस्ट प्लेइंग इलेवन
इस बार न्यूजीलैंड के तूफानी बल्लेबाज फिन एलन पर सबकी नजरें टिकी होंगी, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाकर आ रहे हैं. उन्होंने 33 गेंद में शतक जड़ दिया था. उनके साथ ओपनिंग का जिम्मा कप्तान अजिंक्य रहाणे ले सकते हैं, जिन्होंने आईपीएल 2025 में करीब 148 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 390 रन बनाए थे. युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी नंबर-3 की पोजीशन पक्की कर चुके हैं और पिछले दोनों सीजन में दमदार प्रदर्शन किया है.
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन नंबर-4 पर आ सकते हैं और वो मीडियम पेस गेंदबाजी भी कर सकते हैं. हर्षित, आकाशदीप और पाथिराना की गैरमौजूदगी में ग्रीन को बॉलिंग की जिम्मेदारी लेनी ही होगी. रिंकू सिंह को यहां फिनिशर से ज्यादा मिडिल ओवरों में डटकर बल्लेबाजी करने की भूमिका निभानी होगी. वहीं रोवमैन पावेल और रमनदीप सिंह पर भी अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी, उन्हें कैमरून ग्रीन की ही तरह पारी में 2-3 ओवर गेंदबाजी करनी पड़ सकती है.
सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती पर बहुत अधिक दबाव होगा क्योंकि वे दोनों टीम के सीनियर गेंदबाज होंगे. अपने IPL करियर में 36 विकेट ले चुके वैभव अरोड़ा को यह सीजन ब्रेकथ्रू दिला सकता है, क्योंकि वो टीम के मेन तेज गेंदबाज बनकर उभर सकते हैं. यही बात कार्तिक त्यागी के लिए भी कही जा सकती है, जिन्हें इस बार पूरा सीजन खेलने का मौका मिल सकता है. अगर चांस मिला तो उन्हें हर एक मौके को भुनाना होगा.
KKR की संभावित प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरून ग्रीन, रिंकू सिंह, रोवमैन पावेल, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी
