नई दिल्ली: ‘मिस्टर इंडिया’ का एक और गाना आज भी अपनी खास खनक के लिए मशहूर है, जिसे गाना अलीशा चिनॉय के लिए किसी सपने से कम नहीं था. उस वक्त अलीशा की उम्र सिर्फ 21-22 साल थी और उन्हें लीजेंड किशोर कुमार के साथ डूएट गाने का मौका मिला था. हम ‘काटे नहीं कटते’ की बात कर रहे हैं. अलीशा ने पिंकविला से बताया था कि उन्हें जब पता चला कि गाना किशोर दा के साथ है, तो वह बुरी तरह घबरा गई थीं. उन्हें डर था कि कहीं वह अपनी लाइनें न भूल जाएं. अलीशा याद करती हैं कि स्टूडियो का माहौल एकदम जादुई था. आज के दौर की तरह नहीं, बल्कि उस समय दोनों सिंगर्स एक ही रूम में खड़े होकर गाते थे. श्रीदेवी पर फिल्माया गया यह गाना काफी सेंशुअल था, जिसमें अलीशा को ‘मिस्टर इंडिया’ के लिए कुछ खास ‘ऊह’ और ‘आह’ वाली आवाजें निकालनी थीं. अलीशा कहती हैं कि किशोर दा की मौजूदगी ने उनके अंदर ऐसी बिजली भर दी थी कि उनका परफॉर्मेंस उम्मीद से कहीं बेहतर निकल कर आया.
