Last Updated:
Nana Patekar Blockbuster Movies : हिंदी सिनेमा के कुछ एक्टर्स ही ऐसे हैं जो अपनी शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. इनकी एक्टिंग इतनी रियलिस्टिक होती है कि दर्शक भी भूल जाते हैं कि वो फिल्म देख रहे हैं. उन्हें लगता है कि एक्टर के साथ जो हो रहा है, वो सच है. ऐसे ही एक एक्टर हैं नाना पाटेकर. नाना पाटेकर चाहे हीरो के रोल में हों या विलेन के किरदार में, हर बार अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लेते हैं. 90 के दशक में उनकी ऐसी चार फिल्में सिनेमाघरों में आई थीं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार किया. दो फिल्में तो ब्लॉकबस्टर भी रहीं.

लीजेंड एक्टर नाना पाटेकर बॉलीवुड के ऐसे पहले कैरेक्टर अभिनेता है जिन्होंने एक करोड़ रुपये की फीस एक्टिंग के लिए ली थी. मुंबई की आवोहवा से दूर अपने जिले रायगढ़ में समय बिताने वाले नाना पाटेकर आज किसी परिचय के मोहताज नहीं है. उन्हें थिएटर से खास लगाव है. थिएटर से ही वो फिल्मों में आए. 90 के दशक में चार साल के अंतराल में उनकी पांच ऐसी फिल्में आई थीं जिन्हें आज भी दर्शक यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म पर देखते हैं. इन पांच फिल्मों में से दो फिल्में तो ब्लॉकबस्टर भी रहीं. ये फिल्में थीं : अंगार, तिरंगा, क्रांतिवीर और अग्निसाक्षी.

वैसे तो नाना ने बॉलीवुड में ‘गमन’ फिल्म से एंट्री ली थी. स्मिता पाटिल उन्हें बॉलीवुड में लेकर आईं. बीआर चोपड़ा की फिल्म थी. नाम था : आज की आवाज जो कि 1984 में आई थी. फिर नाना ने अंकुश, प्रतिघात, अंधायुद्ध जैसी फिल्मों में काम किया. 1989 में आई ‘परिंदा’ फिल्म में नाना ने अन्ना डॉन का विलेन वाला किरदार निभाया था. उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था. पहला फिल्म फेयर अवॉर्ड भी जीता.

90 के दशक में नाना ने एक से बढ़कर फिल्में कीं और अपने अभिनय का लोहा मनवाया. परिंदा फिल्म के बाद तीन साल बाद 11 सितंबर 1992 को नाना पाटेकर की एक और मूवी अंगार आई थी जिसकी कहानी मुंबई के पहले अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला की लाइफ पर बेस्ड थी. इस फिल्म में जैकी श्रॉफ, डिंपल कपाड़िया, नाना ओम पुरी, मजहर खान, कादर खान, किरण कुमार ने अपने अभिनय का जलवा बिखेरा था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

शशिलाल के. नायर के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में नाना पाटेकर ने विलेन की भूमिका निभाई थी. नाना पाटेकर को बेस्ट विलेन कैटेगरी में फिल्म फेयर अवॉर्ड मिला था. 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 7.5 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी. यह 1992 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में नौवे नंबर पर थी.

अगले ही साल नाना पाटेकर ने मेहुल कुमार के निर्देशन में बनी ‘तिरंगा’ फिल्म में लीजेंड एक्टर राजकुमार के साथ काम किया था. यह फिल्म 29 जनवरी 1993 को रिलीज हुई ती. राजकुमार और नाना पाटेकर दोनों ही गर्म मिजाज के एक्टर थे. पूरी फिल्म इंडस्ट्री में इस बात की चर्चा होने लगी थी कि यह फिल्म कभी बन ही नहीं पाएगी. मेहुल कुमार ने असंभव को संभव कर दिखाया था. तिरंगा फिल्म में राजकुमार, नाना पाटेकर के अलावा, हरीश कुमार, ममता कुलकर्णी, वर्षा उसगांवकर, दीपक शिर्के, मनोहर सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. दीपक शिर्के ने प्रलयनाथ गैंडास्वामी के किरदार में खूब सुर्खियां बटोरी थीं. 3 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने इंडिया में 12 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी.

नाना पाटेकर ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म के दौरान एक भी बार उनका राजकुमार से विवाद नहीं हुआ. राजकुमार अपने घर से मिठाई का डिब्बा नाना के लिए लेकर लाते थे. नाना पाटेकर ने बताया था, ‘तिरंगा फिल्म की शूटिंग के पहले ही दिन सेट पर मैंने राजकुमार साहब से कहा कि आप मेरे पिता समान हैं. बड़ी इज्जत करते हैं आपकी. इसको बरकरार रखना आपके हाथ में है. मैं तो उनके इज्जत से पैर छूता था.’

नाना पाटेकर 1994 में बॉक्स ऑफिस पर और सशक्त बनकर उभरे. 22 जुलाई 1994 में उनकी एक एक्शन क्राइम फिल्म सिनेमाघरों में आई थी जिसको डायरेक्ट-प्रोड्यूस मेहुल कुमार ने ही किया था. मेहुल कुमार की पहली पसंद नाना पाटेकर रहे. फिल्म में नाना पाटेकर, डिंपल कपाड़िया, अतुल अग्निहोत्री, ममता कुलकर्णी लीड रोल में थे. 2.25 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 20 करोड़ का कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.

क्रांतिवीर फिल्म के रिलीज होने के दो साल बाद नाना पाटेकर का तूफान बॉक्स ऑफिस पर हमें 1996 में एक बार फिर से देखने को मिला. 15 मार्च 1996 को उनकी फिल्म अग्निसाक्षी रिलीज हुई जिसमें जैकी श्रॉफ, मनीषा कोइराला भी लीड रोल में थे. पार्थो घोष के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म के प्रोड्यूसर बिंदुमाधव ठाकरे थे जो कि बाला साहेब के सबसे बड़े बेटे थे. फिल्म रिलीज होने के एक माह बाद ही रोड एक्सीडेंट में उनका निधन हो गया था. म्यूजिक नदीम-श्रवण का था. 4.75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 31 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. नाना पाटेकर को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.

नाना पाटेकर का जन्म महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुद जांजीरा में हुआ था. नाना ने नीलाकांती पाटेकर से 1978 में शादी की थी लेकिन बाद में उनका तलाक हो गयाा.नीलाकांती बैंक में जॉब करती थीं. उनका बेटे का नाम मल्हार है. नीलकांती भी मराठी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. 1989 में उन्हें मराठी फिल्म आत्मविश्वास के लिए महाराष्ट्र सरकार की ओर से बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था. जनवरी 2025 में रिलीज हुई विकी कौशल की फिल्म छावा में भी नीलकांती नजर आई थीं.
