March 28, 2026
SAPNA-MUKHERJEE-2026-03-e8aac458c0ddceb07df60418304e28b5-1200x630.jpg
Spread the love


नई दिल्ली. आदित्य धर की ‘धुरंधर’ में 80 और 90 के दशक के कई पुराने गानों का रीमिक्स सुनने को मिला है. डायरेक्टर ने अपनी फिल्म में कई गानों को आज के दौर के ट्विस्ट के साथ पेश किया है जिसे आज के दौर युवा दर्शकों ने भी काफी पसंद किया है. ‘धुरंधर’ का गाना ओए ओए 1989 में आई फिल्म ‘त्रिदेव’ का गाना है जिसे सिंगर सपना मुखर्जी ने गाया है. ‘धुरंधर’ में सपना मुखर्जी के गाने का रीमेक है जो इन दिनों चार्ट बस्टर बना हुआ है. इस गाने से 90 के दशक की सिंगर वापस लाइमलाइट में आ गई हैं. न्यूज18 हिंदी के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में सिंगर ने ‘धुरंधर’ में ओरिजिनल गाने के रीमेक पर खुलकर बात की है. उन्होंने इस गाने को मिल रहे दर्शकों के रिस्पांस पर अपनी खुशी जाहिर की है.

‘ओए ओए’ गाने की वापसी और उसे फिर से स्पॉटलाइट मिलने पर आपको कैसा लग रहा है?

इस गाने के बारे में सिंगर सपना मुखर्जी कहती हैं कि ‘ओए ओए’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक खास एहसास बन चुका है. वो बताती हैं कि इतने सालों में करीब 400 गाने गाने के बाद भी हर गाने की अपनी अलग कहानी और सफर होता है, लेकिन कुछ गीत समय के साथ और भी गहराई से दिलों में बस जाते हैं ‘ओए ओए’ उन्हीं में से एक है. यह अब लोगों की यादों, जश्न और खुशियों का हिस्सा बन चुका है. हाल ही में मुझे एनएसजी और सीआईएसएफ के जवानों के लिए ‘द ओए ओए शो’ करने का मौका मिला. वहां जिस तरह उन्होंने इस गाने को महसूस किया और उसके साथ जुड़ाव दिखाया, वह मेरे लिए बेहद भावुक पल था. उनके चेहरे की खुशी ने इस गाने की असली ताकत का एहसास कराया. सपना मुखर्जी कहती हैं कि गाने को आज भी उतना प्यार मिल रहा है जो उनके लिए एक भावुक पल है.

जब आपने पहली बार ‘ओए ओए’ रिकॉर्ड किया था, तब क्या आपने सोचा था कि ये गाना इतने सालों बाद भी इतना पॉपुलर रहेगा?

इस बारे में सपना मुखर्जी कहती हैं कि जब कोई संगीतकार या सिंगर कोई गाना बनाता है तो वो इसके पीछे ये नहीं सोचता है कि वो गाना कितना पॉपुलर होगा. गाना बनाते वक्त कोई गणित नहीं था, कोई रणनीति नहीं थी बस संगीत था और उसे दिल से करने की चाह थी. वो कहती हैं कि वो लोग बस अपने पूरे दिल से अच्छा म्यूजिक बनाना चाहते थे. उनका मानना है कि शायद यही वजह है कि ‘ओए ओए’ आज भी उतना ही ताजा लगता है. कुछ गाने बनाए नहीं जाते वो बस बन जाते हैं, और फिर लोगों के दिल में बस जाते हैं.

‘धुरंधर 2’ में आपके ओरिजिनल वर्जन को बरकरार रखने और आपको क्रेडिट मिलने पर आपका क्या रिएक्शन रहा?

फिल्म में ‘ओए ओए’ के रीमेक पर आदित्य धर का दिल से धन्यवाद करते हुए सपना मुखर्जी कहती हैं कि वो फिल्ममेकर का दिल से आभार जताना चाहती हैं. वो कहती हैं कि आजकल के दौर में बहुत कम देखने को मिलता है किसी फिल्ममेकर ने किसी कलाकार की आवाज को उसी गरिमा के साथ रखा है उसे सही तरीके से क्रेडिट भी दिया है. सपना मुखर्जी कहती हैं, ‘ ‘धुरंधर 2’ में मेरी और अमित कुमार जी की आवाज को बरकरार रखा गया और एंड क्रेडिट्स में भी उसे सम्मान के साथ जगह दी गई. यह बहुत मायने रखता है. यह सिर्फ एक गाने की बात नहीं है, यह उस पूरी यात्रा और उस पहचान का सम्मान है, जो हमने सालों पहले बनाई थी.

आज के म्यूजिक इंडस्ट्री में पुराने गानों के रीक्रिएशन का ट्रेंड चल रहा है, आप इसे कैसे देखती हैं?

हर दौर की अपनी एक भाषा होती है, और हर पीढ़ी अपने तरीके से संगीत को महसूस करती है. अगर पुराने गानों को नए तरीके से पेश किया जा रहा है, तो वह भी एक तरह से उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक माध्यम हो सकता है. लेकिन उसके साथ एक जिम्मेदारी भी आती है. हर गाने की अपनी एक आत्मा होती है, एक पहचान होती है. अगर वह बरकरार रहे, तो रीक्रिएशन भी खूबसूरत लगता है वरना वह सिर्फ एक धुन बनकर रह जाता है.

क्या नए वर्जन में पुराने गानों की आत्मा बनाए रखना जरूरी है?

बिल्कुल. गाना सिर्फ सुर और बीट्स नहीं होता, उसमें भावना, याद और पहचान जुड़ी होती है. अगर उसकी आत्मा बरकरार रहे, तो वह हर दौर में लोगों से जुड़ा रहता है.

आपको क्या लगता है कि ‘ओए ओए’ आज के दौर में भी दर्शकों के दिलों पर राज क्यों कर रहा है?

इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी सादगी और एनर्जी है. इसमें एक खुलापन और खुशी है जो सीधे दिल तक पहुंचती है. साथ ही, मेरी और अमित कुमार की आवाज का मेल इसे और खास बना देता है.

आपने अपने दशकों लंबे करियर में म्यूजिक इंडस्ट्री में सबसे बड़ा बदलाव क्या महसूस किया?

सपना मुखर्जी कहती हैं कि तकनीक और काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव आया है. पहले गानों को काफी समय देकर बनाया जाता था, अब सब कुछ तेज हो गया है. बहुत जल्दी-जल्दी गाने बनाए जा रहे हैं, लेकिन आज भी दिल से बना संगीत ही टिकता है.

क्या रीमिक्स और पुराने गानों के रीमेक ट्रेंड से अच्छे गाने कम हो गए हैं

नहीं, अच्छे गाने आज भी बन रहे हैं. बस उन्हें पहले जैसा स्पेस नहीं मिल पाता. रीमिक्स एक ट्रेंड है, लेकिन ओरिजिनल म्यूजिक की ताकत हमेशा बनी रहती है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks