April 17, 2026
555-2026-04-bcc628f38e7a74a4ff5aa54fe5b7bc38-1200x630.jpg
Spread the love


Last Updated:

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ रही है, लेकिन फिल्म के सबसे बड़े फैन रहे राम गोपाल वर्मा ने अब एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. फिल्म की जमकर तारीफ करने के बाद उन्होंने इसके एक खास हिस्से पर अपनी असहमति जताई है. उनका मानना है कि फिल्म में दाऊद इब्राहिम का चित्रण सही नहीं है. राम गोपाल के अनुसार, दाऊद सालों पहले अपराध की दुनिया से रिटायर हो चुका है, जबकि फिल्म में उसे अभी भी एक्टिव दिखाया गया है.

ख़बरें फटाफट

राम गोपाल वर्मा को 'धुरंधर 2' में खली ये कमी, दाऊद के किरदार पर उठाए सवालZoom

धुरंधर 2 फिल्म में दाऊद इब्राहिम का किरदार दिखाया गया है.

नई दिल्ली. रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ का हर कोई मुरीद बन गया है. बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक, कई एक्टर्स और डायरेक्टर्स ने इस मूवी की तारीफ की है. इस लिस्ट में राम गोपाल वर्मा का नाम भी शामिल है. लेकिन अब फिल्म के सबसे बड़े मुरीद रहे राम गोपाल वर्मा के सुर थोड़े बदलते नजर आ रहे हैं. आदित्य धर के निर्देशन की जमकर तारीफ करने वाले राम गोपाल वर्मा ने अब फिल्म के एक खास हिस्से पर सवाल उठाए हैं और वो है फिल्म में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का किरदार.

फिल्म रिलीज होते ही राम गोपाल ने सोशल मीडिया पर तारीफों के पुल बांध दिए थे. उन्होंने इसे ‘शोले’ के बाद भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन फिल्म बताया था. वो इतने प्रभावित थे कि उन्होंने आदित्य धर को अपना नया गुरु तक कह डाला और फिल्म की तुलना अपनी ही कल्ट क्लासिक ‘सत्या’ से कर दी थी. लेकिन अब दाऊद इब्राहिम के किरदार को लेकर उनकी इस असहमति ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है.

दाऊद इब्राहिम के किरदार पर जताई असहमति

हाल ही में लेखक हुसैन जैदी के साथ यूट्यूब पर हुई एक चर्चा के दौरान राम गोपाल वर्मा ने कबूल किया कि फिल्म की एक बात उन्हें हजम नहीं हुई. फिल्म में दाऊद इब्राहिम को बड़े साहब के रूप में दिखाया गया है, जो पाकिस्तान से आतंकी नेटवर्क चलाता है. उन्होंने इसी किरदार के चित्रण पर अपनी असहमति जताई.

‘धुरंधर 2’ में गलत तरीके से पेश किया गया?

उन्होंने कहा, ‘फिल्म में मुझे सिर्फ एक ही बात खटकी और वो है दाऊद इब्राहिम का किरदार. हो सकता है उनके पास अपने सोर्स हों, लेकिन मुझे लगता है कि इसे गलत तरीके से पेश किया गया है. उन्होंने आगे साफ किया कि वो इस मामले में पूरी तरह से सही होने का दावा नहीं कर रहे, लेकिन फिल्म में जो कुछ दिखाया गया है, वह उनकी जानकारी और समझ से मेल नहीं खाता. उन्होंने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि मैं पूरी अथॉरिटी के साथ यह बात कह रहा हूं, पर जो मैं जानता हूं, यह किरदार उसके मुताबिक नहीं है.’

रिटायरमेंट ले चुका है दाऊद इब्राहिम

राम गोपाल वर्मा ने विस्तार बताते हुए कहा कि बरसों से उन्होंने जो कुछ भी सुना है, उनके मुताबिक दाऊद अब काफी समय से अपराध की दुनिया में एक्टिव नहीं है. उन्होंने कहा, ‘वो अपनी मर्जी से अब शांत है क्योंकि उसने सब कुछ करना छोड़ दिया है. मेरा तो मानना है कि वो 20 साल पहले ही क्राइम की दुनिया से रिटायरमेंट ले चुका है.’

दाऊद वाले सीन को लेकर असमंजस में राम गोपाल वर्मा

इसके साथ ही फिल्ममेकर ने इस तरह के किरदारों को पर्दे पर दिखाने की उलझन को भी स्वीकार किया. उन्होंने साफ कहा कि न तो वो और न ही फिल्म के मेकर्स अपनी-अपनी बातों को पूरी तरह सच साबित कर सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘इस मामले में कोई भी एक्सपर्ट नहीं हो सकता, किसी को नहीं पता कि असली सच क्या है? हमें लगता है कि धुरंधर 2 में जो दिखाया गया है वो सच है, लेकिन हकीकत ये है कि न तो मैं इसे गलत साबित कर सकता हूं और न ही डायरेक्टर इसे सही साबित कर सकते हैं.’

बॉक्स ऑफिस पर जारी है ‘धुरंधर’ की धुआंधार कमाई

बताते चलें कि बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ की कमाई की रफ्तार रुकने का नाम नहीं ले रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 1733.2 करोड़ बटोर कर कोहराम मचा दिया है. रणवीर सिंह की लीड भूमिका वाली इस फिल्म में आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और गौरव गेरा जैसे सितारों ने भी जान फूंक दी है. दिलचस्प बात यह है कि ‘धुरंधर’ की दोनों फिल्मों ने मिलकर वर्ल्डवाइड 3000 करोड़ की कमाई का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है, जो अपने आप में एक मिसाल है.

About the Author

authorimg

Kamta Prasad

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks