Last Updated:
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही मेगा-बजट फिल्म रामायण रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण बदलने की तैयारी में है। मेकर्स ने इसके सिर्फ हिंदी थियेट्रिकल राइट्स के लिए 450 करोड़ की भारी-भरकम मांग रखी है, जो शाहरुख खान की ‘किंग’ के मौजूदा रिकॉर्ड से कहीं ज्यादा है. इतना ही नहीं, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने डिजिटल राइट्स के लिए 1000 करोड़ की महाडील पर नजरें टिका दी हैं. रणबीर कपूर और यश स्टारर यह फिल्म पर्दे पर आने से पहले ही टेबल प्रॉफिट का नया इतिहास रचने की राह पर है.

नई दिल्ली. फिल्ममेकर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा अपनी अपकमिंग फिल्म रामायण को बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के लिए तैयार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. अब जो ताजा खबरें सामने आ रही हैं, उनके मुताबिक रणबीर कपूर की यह फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही छप्परफाड़ कमाई करने जा रही है.

इस भव्य पौराणिक फिल्म को लेकर अभी से ही ट्रेड मार्केट्स में जबरदस्त बज बना हुआ है. फिल्मी गलियारों में चल रही चर्चाओं की मानें, तो मेकर्स इसके थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन और डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए अब तक की सबसे बड़ी और रिकॉर्डतोड़ डील फाइनल करने की तैयारी में हैं.

वैराइटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा इस दो पार्ट वाली फिल्म के डोमेस्टिक डिस्ट्रीब्यूशन के लिए इंडस्ट्री के कई बड़े दिग्गजों से बातचीत कर रहे हैं. ट्रेड मार्केट में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि मेकर्स ने फिल्म के सिर्फ हिंदी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स के लिए पूरे 450 करोड़ की भारी-भरकम कीमत मांगी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यह डील 300 से 400 करोड़ के बीच भी फाइनल होती है, तो यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बना देगी. साफ है कि बड़े पर्दे पर आने से पहले ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने का पूरा माहौल तैयार कर चुकी है.

अगर तुलना के लिए देखें, तो इस समय हिंदी सिनेमा में सबसे बड़ी थियेट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन डील का रिकॉर्ड शाहरुख खान की आने वाली फिल्म किंग के नाम है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘किंग’ के ऑल-इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स करीब 250 करोड़ में खरीदे गए हैं. अब इस लिहाज से देखा जाए तो ‘रामायण’ के लिए 450 करोड़ की मांग वाकई हैरान करने वाली है.

बात सिर्फ सिनेमाघरों की नहीं है, मेकर्स फिल्म के डिजिटल और सैटेलाइट राइट्स से भी छप्परफाड़ कमाई करने की फिराक में हैं. फिल्मी गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि नेटफ्लिक्स की तरफ से फिल्म के दोनों पार्ट्स के कंबाइंड स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए मेकर्स को पूरे 700 करोड़ का भारी-भरकम ऑफर मिला था, लेकिन प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने इस बड़े ऑफर को भी ठुकरा दिया.

खबरों की मानें, तो मेकर्स को अपनी इस मेगाबजट फिल्म पर इतना भरोसा है कि वे इसके डिजिटल राइट्स के लिए अकेले 1000 करोड़ की महाडील की उम्मीद लगाए बैठे हैं. लगभग 4000 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बन रही इस फिल्म को लेकर ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मेकर्स का यह दांव सही भी साबित हो सकता है, क्योंकि रिलीज के बाद यह फिल्म कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त करने का दम रखती है.

गौरतलब है कि रामायण फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के लीड किरदार में दिखाई देंगे, वहीं ‘केजीएफ’ फेम सुपरस्टार यश रावण का दमदार रोल निभाते नजर आएंगे. इनके अलावा, माता सीता के किरदार के लिए साई पल्लवी को चुना गया है, जबकि भगवान हनुमान के रूप में सनी देओल पर्दे पर गदर मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इस मूवी का पहला पार्ट दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी, वहीं इसका दूसरा हिस्सा अगले साल यानी 2027 की दिवाली पर बड़े पर्दे पर रिलीज किया जाएगा.
