April 7, 2026
d746a03ebed84b902e7c3d5d3f796ef7_original.jpeg
Spread the love


कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और भारतीय टीम को अपने दम पर कई मुकाबले जिताने वाले वरुण चक्रवर्ती की गिरती फॉर्म चिंता का विषय बन गई है. टी20 विश्व कप 2026 में तो वरुण का हाल बेहाल रहा था, इसके साथ ही आईपीएल 2026 में भी वह बेरंग नजर आ रहे हैं.

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में वरुण चक्रवर्ती की खराब फॉर्म का असर साफतौर पर देखने को मिला है. दो मुकाबलों में वरुण ने कुल 7 ओवर फेंके हैं, और इस दौरान उन्होंने 79 रन खर्च किए हैं. अपनी मिस्ट्री गेंदबाजी से विकेट चटकाने के लिए मशहूर वरुण टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक ही विकेट निकाल सके हैं.

आईपीएल ही नहीं, बल्कि टी20 विश्व कप 2026 में भी वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म भारतीय टीम के लिए लगातार चिंता का विषय रही थी. वरुण के खिलाफ बल्लेबाजों ने खुलकर शॉट्स लगाए थे और टीम इंडिया का मिस्ट्री गेंदबाज पूरी तरह से दबाव में नजर आया था.

टी20 क्रिकेट के पिछले 6 मुकाबलों में वरुण चक्रवर्ती ने कुल 23 ओवर का स्पेल डाला है और इस दौरान उन्होंने 273 रन खर्च किए हैं. वरुण का इकोनॉमी 11 का रहा है. ये आंकड़े बताने के लिए काफी हैं कि वरुण अपने पसंदीदा फॉर्मेट में ही इन दिनों कितने खराब दौर से गुजर रहे हैं.

टी20 विश्व कप में बाकी गेंदबाजों के प्रदर्शन के पीछे वरुण चक्रवर्ती की नाकामी छुप गई थी, लेकिन आईपीएल 2026 के शुरुआती दो मुकाबलों में ही वरुण की गिरती हुई फॉर्म सामने आ गई है. इसमें कोई शक नहीं है कि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम वरुण चक्रवर्ती पर पिछले कुछ सीजन से काफी निर्भर भी रही है और मिडिल ओवरों में उनकी खराब गेंदबाजी से खामियाजा केकेआर को भी भुगतना पड़ रहा है.

वरुण की ‘मिस्ट्री’ का मानो बल्लेबाजों ने तोड़ निकाल लिया है और वह न तो रनों पर लगाम लगा पा रहे हैं और न ही उनकी झोली में विकेट आ रहे हैं. वरुण का खराब दौर अगर पूरे आईपीएल 2026 में जारी रहा, तो भारतीय टी20 टीम में भी उनकी जगह खतरे में पड़ सकती है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks