March 27, 2026
33-2026-03-95efea7efeb3d83aa56fde63f99cccb4-1200x630.jpg
Spread the love


नई दिल्ली. रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान आया है कि वर्किंग डेज में भी इसकी रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही. फिल्म हर दिन आराम से 40 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर रही है. गुरुवार को राम नवमी की छुट्टी का इसे भरपूर फायदा मिला. नतीजतन, फिल्म ने 8वें दिन अकेले 49.70 करोड़ बटोर कर एक नया इतिहास रच दिया है. इसी के साथ ‘धुरंधर 2’ ने अपने पहले हफ्ते में ही भारत में 674.17 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है, जिसने ‘जवान’ और ‘स्त्री 2’ जैसी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है.

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में उदयबीर संधू अपनी छोटी मगर दमदार भूमिका से हर किसी का ध्यान खींच रहे हैं. फिल्म में उन्होंने पिंदा का किरदार निभाया है और उनका एक डायलॉग इन दिनों खूब वायरल हो रहा है. हालांकि उदयबीर के फिल्म में गिने-चुने सीन हैं, लेकिन अपनी जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस से उन्होंने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है. पिंकविला के साथ बातचीत में बातचीत के दौरान उदयबीर ने अपना स्ट्रगल बताया.

उन्होंने कहा, ‘मुझे इंडस्ट्री में करीब 10 साल हो गए हैं. शुरुआत में मैं दिल्ली में मॉडलिंग किया करता था, फिर धीरे-धीरे मुंबई शिफ्ट हुआ और ऑडिशन्स का सिलसिला शुरू हुआ. मैंने कई विज्ञापन फिल्में कीं, जिससे कैमरे के सामने थोड़ा कंफर्टेबल महसूस होने लगा. सच बताऊं तो मैंने इतने ज्यादा ऑडिशन्स दिए हैं कि मैं गिनती भी नहीं बता सकता’.

आरती छाबड़िया ने बताया बॉलीवुड का काला सच, शाहिद कपूर के साथ गाने पर चली थी कैंची

आरती छाबड़िया ने हाल ही में खुलासा किया कि कैसे उनके करियर के दौरान कई बार उनके रोल काट दिए गए या फिल्मों से पूरी तरह हटा दिए गए. उन्होंने इसे इंडस्ट्री की एक ऐसी सच्चाई बताया, जिसका सामना उन्होंने डटकर किया. एक पॉडकास्ट में दर्द साझा करते हुए आरती ने बताया, ‘कई फिल्मों में लीड रोल होने के बावजूद फाइनल कट में मेरे सीन गायब थे. मिलेंगे-मिलेंगे में शाहिद कपूर के साथ मेरा एक पूरा गाना शूट होने के बाद हटा दिया गया.’ हालांकि, आरती को इस बात का मलाल नहीं है. उनका कहना है कि एक एक्टर के तौर पर वह हमेशा प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के फैसले का सम्मान करती हैं, चाहे वजह जो भी रही हो.

अमेरिका से शुरू होगा ‘रामायण’ का प्रमोशन, मेकर्स ने फिल्म को लेकर बनाया तगड़ा प्लान

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर फैंस की बेताबी अब खत्म होने वाली है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. वैराइटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की टीम अब सीधे अमेरिका से अपने प्रमोशन का शंखनाद करने जा रही है. फिल्म के पोस्टर और पहले टीजर के बाद यह इस प्रोजेक्ट का पहला बड़ा ऑफिशियल इवेंट होगा. खबर है कि मार्च के आखिर तक रणबीर कपूर, डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा अमेरिका में मीडिया से मुखातिब होंगे. इस खास इवेंट के दौरान फिल्म से जुड़ी कुछ खास झलकियां दिखाई जा सकती हैं. इस खबर ने ‘रामायण’ का इंतजार कर रहे दर्शकों के बीच हलचल तेज कर दी है.

‘धुरंधर 2’ की सक्सेस से प्रभावित हुए एसएस राजामौली, अब दो पार्ट में रिलीज होगी ‘वाराणसी’!

‘धुरंधर’ की सुनामी के बाद तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मची हुई है और इसके कुछ पॉटिटिव नतीजे भी दिखने लगे हैं. खबर है कि एसएस राजामौली की फिल्म वाराणसी अब दो पार्ट्स में रिलीज होने की तैयारी में है. फिल्म से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि वाराणसी जैसी बड़ी कहानी को 3 घंटे में समेट पाना मुमकिन नहीं लग रहा था. ‘धुरंधर’ की जबरदस्त कामयाबी ने यह साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट दमदार हो, तो टू-पार्ट फॉर्मेट दर्शकों को खूब पसंद आता है. राजामौली और उनकी टीम को लगता है कि फिल्म को दो हिस्सों में बांटने से उन्हें कहानी को विस्तार से कहने की आजादी मिलेगी और उन्हें घड़ी की सुइयों को देखकर सीन काटने की मजबूरी नहीं होगी.

यामी गौतम ने छुपकर देखी ‘धुरंधर 2’, आम दर्शकों के बीच बैठकर फिल्म का उठाया लुत्फ

बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम भी रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ के फीवर से बच नहीं पाई हैं. हाल ही में यामी चोरी-छुपे एक खचाखच भरे थिएटर में इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का लुत्फ उठाती नजर आईं. मजे की बात यह है कि यामी ने किसी वीआईपी स्क्रीनिंग के बजाय आम दर्शकों के बीच बैठकर फिल्म देखना पसंद किया. इस मजेदार पल को उनकी बहन सुरीली गौतम ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दिया. बाद में यामी ने भी इसे रिशेयर किया, जिसमें वह हाउसफुल शो के दौरान बड़े पर्दे पर धुरंधर 2 मूवी देखती नजर आ रही हैं. फैंस को यामी का यह सादगी भरा अंदाज और फिल्म के प्रति उनकी दीवानगी काफी पसंद आ रही है.

मलाइका अरोड़ा ने लिंक-अप की खबरों पर तोड़ी चुप्पी, बेटे अरहान संग मिलकर उड़ाती हैं अफवाहों का मजाक

मलाइका अरोड़ा अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ और डेटिंग की खबरों को लेकर चर्चा में रहती हैं. पिछले साल हर्ष मेहता और हाल ही में सोराब बेदी के साथ स्पॉट किए जाने के बाद उनके रिलेशनशिप को लेकर कयासों का बाजार गर्म है. अब मलाइका ने इन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ते हुए साफ कह दिया है कि अब ये सब बातें उन्हें काफी इरिटेट करने लगी हैं. कर्ली टेल्स के साथ बातचीत में मलाइका ने बताया कि अब उन्होंने इन खबरों को गंभीरता से लेना छोड़ दिया है और इसे एक मजाक की तरह देखती हैं. उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘अब तो मुझे और मेरे बेटे अरहान खान को इन बातों पर हंसी आती है. हम दोनों साथ बैठकर इन अफवाहों का खूब मजा लेते हैं.’

‘धुरंधर 2’ की सफलता के बीच भड़के दीपक तिजोरी, सेंसर बोर्ड से पूछा- गालियों को आधा म्यूट करने का क्या है लॉजिक?

‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर एकतरफा राज कर रही है. महज 8 दिनों में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है. फिल्म की इस जबरदस्त कामयाबी के बीच एक्टर दीपक तिजोरी का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. दीपक ने फिल्म की तो खूब तारीफ की, लेकिन साथ ही सेंसर बोर्ड पर सवाल उठाए हैं. दीपक ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि उन्हें थिएटर वर्जन में गालियों को म्यूट करने का लॉजिक समझ नहीं आता. उन्होंने सवाल किया कि आखिर कुछ गालियों को आधा म्यूट क्यों किया जाता है, जबकि कुछ को पूरी तरह छोड़ दिया जाता है? उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, ‘शायद मुझमें वो समझ नहीं है जो सेंसर बोर्ड के मेंबर्स के पास है, क्योंकि आधा-अधूरा म्यूट करने का यह तरीका मेरी समझ से बाहर है.’

बॉक्स ऑफिस पर जियो स्टूडियोज की हैट्रिक, ‘स्त्री 2’-‘धुरंधर’ के बाद ‘धुरंधर 2’ ने पार किया 500 करोड़ का आंकड़ा

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है. यह मूवी जियो स्टूडियोज बैनर तले बनी है. ‘धुरंधर 2’ की कामयाबी के साथ जियो स्टूडियोज बैक-टू-बैक तीसरी 500 करोड़ी फिल्म देने वाला प्रोडक्शन हाउस बन गया है. इससे पहले राजकुमार राव-श्रद्धा कपूर की ‘स्त्री 2’, ‘धुरंधर’ और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ 500 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी हैं. साल 2024 में ‘स्त्री 2’ के साथ जो कामयाबी का सिलसिला शुरू हुआ था, उसने हिंदी सिनेमा के लिए एक नया पैमाना तय कर दिया है. आज जियो स्टूडियोज भारतीय सिनेमा का सबसे पावरफुल खिलाड़ी बनकर उभरा है, जिसके पास बैक-टू-बैक सुपरहिट फिल्में देने का शानदार विजन है.

ओटीटी रिलीज के लिए तैयार हुई ‘वध 2’, इस दिन दस्तक देगी नीना गुप्ता की फिल्म

नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की ‘वध 2’ साल 2026 की चर्चित फिल्मों में से एक है. सिनेमाघरों में अपनी छाप छोड़ने के बाद अब यह क्राइम थ्रिलर ओटीटी पर धमाका करने के लिए बिल्कुल रेडी है. जसपाल सिंह संधू के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2022 में आई ‘वध’ की अगली कड़ी है. 23 नवंबर, 2025 को जब यह फिल्म बड़े पर्दे पर आई थी, तो अपनी सस्पेंस भरी कहानी और मंजे हुए कलाकारों की एक्टिंग की वजह से इसे दर्शकों भरपूर प्यार मिला था. अब वध 2 फिल्म 3 अप्रैल, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज के लिए तैयार है.

आमिर खान ने नहीं देखी ‘धुरंधर 2’, कहा- हर तरफ बस इसकी तारीफ सुन रहा हूं

आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है. 19 मार्च को रिलीज हुई इस स्पाई-थ्रिलर ने दुनियाभर में 1000 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. इश बीच दिल्ली में चल रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 के दौरान आमिर ने बताया कि उन्होंने धुरंधर 2 अब तक नहीं देखी है. उन्होंने कहा, ‘सच कहूं तो मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन हर तरफ बस इसकी तारीफें ही सुन रहा हूं. धुरंधर के दोनों ही पार्ट्स ने कमाल कर दिया है. मेरी तरफ से फिल्म की पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks