Last Updated:
Kishore Kumar Amit Kumar Duet Songs : बॉलीवुड में पिता-पुत्र की जोड़ी कई बार कमाल दिखा चुकी है. फिर चाहे वो एक्टर हों या डायरेक्टर. प्लेबैक सिंगिंग में भी पिता-पुत्र की जोड़ी धमाल मचा चुकी है. किशोर कुमार और उनके बेटे अमित कुमार कई फिल्मों में एक साथ गाने गा चुके हैं. पर्दे पर ये गाने दो अलग-अलग हीरो पर फिल्माए गए. 70 के दशक में दोनों ने तीन फिल्मों में ऐसे गाने गाए कि हर सॉन्ग सुपरहिट रहा. एक गाना तो अमिताभ बच्चन-विनोद खन्ना पर फिल्माया गया था. यह भी दिलचस्प है कि चारों फिल्में सुपरहिट रहीं. ये सुपरहिट गाने कौन से थे, आइये जानते हैं………

किशोर कुमार की तरह उनके बेटे अमित कुमार ने भी प्लेबैक सिंगिंग में नाम कमाया. 70-80 के दशक में कई फिल्मों में पिता-पुत्र की जोड़ी ने एक ही फिल्म में अपनी आवाज का जादू बिखेरा. दोनों ने तीन फिल्मों में एक साथ ऐसे गाने गाए जो सुपरहिट रहे. तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर तांडव मचाया. ये गाने थे : खुली नजर क्या खेल दिखेगा दुनिया का (परवरिश), आती रहेंगी बहारें (कसमें वादे) और एक दिन सपने में देखा सपना (गोलमाल). आइये जानते हैं इन तीनों फिल्मों से जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स…….

किशोर कुमार-अमित कुमार ने 1974 में आई फिल्म ‘बदलती का नाम गाड़ी’ में दोनों ने मिलकर एक गाना गाया था. इसके बोल थे : सबके बस की बात नहीं है, भई प्यार-व्यार का चक्कर. इस चक्कर में जो फंस जाए, बन जाए घनचक्कर.’ फिर 1975 में आई फिल्म ‘चोरी मेरा काम’ में भी दोनों ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा. 1976 की फिल्म ‘आप बीती’ में भी दोनों का एक ड्यूएट सॉन्ग था. 1976 की एक और फिल्म ‘दीवानगी’ में भी दोनों ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा था.

किशोर कुमार-अमित कुमार की आवाज का जादू सही मायने में 1977 में देखने को मिला. इस साल मनमोहन देसाई की फिल्म’परवरिश’ का एक सुपरहिट गाना बाप-बेटे की जोड़ी ने गाया था. गाना विनोद खन्ना-अमिताभ बच्चन पर फिल्माया गया था. इस गाने के बोल थे : खुली नजर क्या खेल दिखेगा दुनिया का, बंद आंख से देख तमाशा दुनिया का’. गाना फिल्म की कहानी को और गति देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

परवरिश फिल्म 11 नवंबर 1977 को रिलीज हुई थी. म्यूजिक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने कंपोज किया था. फिल्म के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर मनमोहन देसाई थे. कहानी-स्क्रीनप्ले प्रयागराज-केके शुक्ला ने लिखा था. डायलॉग कादर खान के थे. फिल्म में विनोद खन्ना, अमिताभ बच्चन लीड रोल में थे. शम्मी कपूर, नीतू सिंह, शबाना आजमी, कादर खान और अमजद खान सपोर्टिंग रोल में नजर आए थे. कहानी दो भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती हिअ. एक भाई पुलिस ऑफिसर तो दूसरा जुर्म की दुनिया में है. विनोद खन्ना ने अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया था और अमिताभ बच्चन को कड़ी टक्कर दी थी. 1.66 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 6.5 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था.

1977 में ही अमिताभ बच्चन की एक और फिल्म ‘कसमे वादे’ रिलीज हुई थी. रमेश बहल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ‘अमिताभ-राखी’ की जोड़ी थी. म्यूजिक आरडी बर्मन का था. यह एक एक्शन ड्रामा फिल्म थी. फिल्म में रणधीर कपूर-नीतू सिंह, अमजद खान, प्राण, बिंदु अहम भूमिकाओं में थे. गीतकार गुलशन बावरा थे. इस फिल्म का एक गाना ‘आती रहेंगी बहारें, जाती रहेंगी बहारें’ अमित कुमार-किशोर कुमार ने मिलकर गाया था. इसी गाने में आशा भोसले की आवाज थी. गाना आज भी हिट है.

‘कसमे वादे’ फिल्म में राखी को अमिताभ बच्चन से भी ज्यादा फीस मिली थी. फिल्म का टाइटल सॉन्ग ‘कसमे वादे निभाएंगे हम’ के दो वर्शन फिल्म में रखे गए थे. दोनों ही वर्शन में किशोर कुमार-लता मंगेशकर की आवाज थी. एक बार आरडी बर्मन गीतकार गुलशन बावरा के घर गए थे. आरडी बर्मन ने हांडी उठाकर उसे बजाते हुए गुलशन बावरा की पत्नी अंजू से कहा – ‘सरसों दा साग बना दे अंजू, मक्की दी रोटी बना दे अंजू’. बाद में इसी लाइन को गाने में बदला गया. आरडी बर्मन ने ट्यून बनाई. गाने के बोल ‘कसमें वादे निभाएंगे हम, मिलते रहेंगे जनम जनम’ लिखे गए.

किशोर कुमार-अमित कुमार की आवाज का जादू एक बार 1979 में ‘गोलमाल’ फिल्म में भी देखने को मिला. ऋषिकेश मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की गिनती आज कल्ट क्लासिक फिल्मों में होती है. फिल्म में अमोल पालेकर, बिंदिया गोस्वामी और उत्पल दत्त लीड रोल में थे. प्रोड्यूसर एनसी सिप्पी थे. कहानी शैलेश देव ने तो स्क्रीनप्ले सचिन भौमिक ने लिखा था. डायलॉग राही मासूम रजा ने लिखे थे. फिल्म का सदाबहार म्यूजिक आरडी बर्मन ने कंपोज किया था. इस फिल्म का एक गाना ‘इक दिन सपने में देखा, एक सपना, वो जो है ना अमिताभ अपना, एक दिन वो आउट हुआ, मार्केट से आउट हुआ, मेरी वजह से गया’. इस गाने में किशोर कुमार-अमित कुमार की आवाज थी. फिल्म का एक गाना ‘आने वाला पल, जाने वाला है’ गीतकार गुलजार ने लिखा था. उन्हें इसके लिए बेस्ट लिरिसिस्ट का अवॉर्ड भी मिला था. छोटे बजट की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी.
