Last Updated:
Bollywood High Grossing Blockbuster Movies : बॉलीवुड में बाप-बेटे की जोड़ी कई बार कमाल दिखा चुकी है. कई बात तो बाप-बेटे की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टकरा चुकी हैं. सुनील दत्त-संजय दत्त, धर्मेंद्र-सनी देओल, ऋतिक रोशन-राकेश रोशन की जोड़ी बॉलीवुड में हमेशा चर्चा में रही. इन सबके अलावा बॉलीवुड में पिता-पुत्र की एक ऐसी जोड़ी भी है जिनका नाम हिंदी सिनेमा के सुनहरे इतिहास में दर्ज है. सिर्फ सात साल के अंतराल में पिता-पुत्र की जोड़ी ने 4 ऐसी फिल्में बनाई जिन्होंने 4000 करोड़ से ज्यादा की कमाई की. बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाए. ये फिल्में कौन सी थीं, पिता-पुत्र की जोड़ी किसकी थी, आइये जानते हैं दिलचस्प फैक्ट्स……..

साल था 2015. इस साल सिनेमाघरों में दो ऐसी फिल्में आई जिन्होंने बॉक्स ऑफिस को हिलाकर रख दिया. दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही फिल्मों में पिता-पुत्र की जोड़ी का कमाल था. किसी को भी अंदाजा नहीं था, यही जोड़ी आगे चलकर ऐसे रिकॉर्ड बनाएगी जिन्हें तोड़ना आसान नहीं होगा. 2015 से 2022 तक सात साल के अंतराल में पिता-पुत्र ने 4 ऐसी फिल्में बनाई जिनकी गिनती हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे पहले होती है. चारों ही फिल्मों ने 4000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन करके ‘महा रिकॉर्ड’ बनाया. ये चार फिल्में थीं : बजरंगी भाईजान, बाहुबली : द बिगनिंग, बाहुबली : द कनक्लूजन और आरआरआर. इन चारों फिल्मों को एसएस राजामौली और उनके पिता केवी विजयेन्द्र प्रसाद ने बनाया है. आइये जानते हैं इन फिल्मों से जुड़े दिलचस्प किस्से…

साल था 2015. जुलाई का महीना था. फिल्म इंडस्ट्री में दो फिल्मों की चर्चा जोरों पर थी. दोनों ही फिल्मों में पिता-पुत्र की जोड़ी का टकराव बॉक्स ऑफिस पर होना था. एक ओर जहां सलमान खान की ‘बजरंगी भाईजान’ रिलीज होने वाली थी, तो दूसरी ओर प्रभास की पहली पैन इंडिया फिल्म ‘बाहुबली- द बिगनिंग’ भी दहाड़ लगाने को तैयार थी. बजरंगी भाईजान की स्क्रिप्ट एसएस राजामौली के पिता केवी विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी थी. डायरेक्शन कबीर खान ने किया था. वहीं ‘बाहुबली : द बिगनिंग’ की कहानी भी केवी विजयेंद्र प्रसाद ने ही लिखी थी.

बाहुबली 10 जुलाई 2015 को रिलीज हुई जबकि ‘बजरंगी भाईजान’ 17 जुलाई 2015 को सिनेमाघरों में आई. ‘बाहुबली’ को एसएस राजामौली ने डायरेक्ट किया था. साउथ की इस फिल्म में प्रभाष, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी राम्या कृष्णन लीड रोल में थे. तमन्ना भाटिया,
और सत्यराज बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए. बाहुबली फिल्म को भारतीय सिनेमा की एक एपिक फिल्म माना जाता है जिसकी कहानी 9वीं शाताब्दी की थी. इस फिल्म को बनाने में करीब 3 साल का समय लगा. बाहुबली फिल्म की ज्यादातार शूटिंग रामोजी फिल्म सिटी हैदराबाद में ही हुई थी. 600 से ज्यादा टेक्निशयन ने काम किया. 16 स्टूडियो में विजुअल इफेक्ट्स का काम पूरी शिद्दत से किया गया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

‘बाहुबली’ फिल्म के डायरेक्टर एसएस राजामौली को ‘शिवगामी’ की कहानी उनके पिता केवी विजयेंद्र प्रसाद ने सुनाई थी. फिल्म इतने बड़े स्केल पर बनाई गई थी कि दर्शक हैरान रह गए. फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम पूरे एक साल तक चला था. बड़े-बड़े महल-वॉटरफॉल जैसे सेट 1000 वर्कर ने 200 दिन में अथक परिश्रम से तैयार किए थे. राम्या कृष्णन ने शिवगामी के किरदार को अमर कर दिया. फिल्म के वीएफएक्स में करीब 88 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे और वीएफएक्स का काम पांच देशों में हुआ था. फिल्म के हर एक्शन-सीन-कहानी को बहुत ही अनूठे अंदाज में दर्शकों के सामने पेश किया गया. बाहुबली फिल्म का बजट 180 करोड़ था. फिल्म ने वर्ल्ड वाइड करीब 650 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था और ब्लॉकबस्टर मूवी साबित हुई थी.

बाहुबली फिल्म की कहानी चालुक्य राजा पुलकिशन द्वितीय से भी बहुत हद तक इंस्पायर्ड थी. हिंदी सिनेमा के इतिहास में पहले कभी ऐसी फिल्म दर्शकों को देखने को नहीं मिली थी. मूवी का क्लाइमैक्स दिमाग घुमा देने वाली. क्लाइमैक्स ने सबके मन में एक ही सवाल छोड़ा था कि आखिर कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा? दर्शकों को इस सवाल का जवाब बाहुबली 2 में मिला था.

28 अप्रैल 2017 में बाहुबली : द कन्क्लूजन के नाम से ‘बाहुबली’ फिल्म का दूसरा पार्ट रिलीज हुआ था. इस फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. बाहुबली 2 की 40 फीसदी से ज्यादा शूटिंग बाहुबली की रिलीज से पहले ही कर ली गई थी. दोनों फिल्मों की कहानी एकदूसरे कनेक्टेड हैं. जहां बाहुबली खत्म होती है और दर्शकों के मन में ‘कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा’ सवाल डालती है, बाहुबली 2 इसी सवाल का जवाब बखूबी देती है. 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘बाहुबली 2’ ने 1700 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.

सलमान खान की फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ 17 जुलाई 2015 को रिलीज हुई थी. इसकी कहानी डायरेक्टर एसएस. राजामौली के पिता केवी विजयेंद्र प्रसाद ने ही लिखी थी. फिल्म में सबसे ज्यादा लाइम लाइट हर्षाली मल्होत्रा ने चुराई थी जिन्होंने मुन्नी का किरदार निभाया था. वैसे फिल्म सलमान खान-नवाजुद्दीन सिद्दीकी के कंधों पर थी. करीना कपूर का रोल कुछ खास नहीं था. फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान पर आधारित थी और दिल छू लेने वाली थी. सलमान खान ने फिल्म में कमाल की एक्टिंग की. उन्होंने पवन कुमार चतुर्वेदी नाम के एक युवक का रोल निभाया था जो कि बजरंग बली का भक्त है और एक पाकिस्तानी बच्ची को उसके घर पहुंचाने के लिए अपनी जान मुश्किल में डाल देता है. फिल्म का डायरेक्शन कबीर खान ने किया था. 125 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने इंडिया में 444 करोड़ का जबकि वर्ल्ड वाइड 900 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.

बाहुबली फेम डायरेक्टर एसएस राजामौली की एक फिल्म 25 मार्च 2022 को रिलीज हुई थी. जूनियर एनटीआर और राम चरण स्टारर इस फिल्म का नाम आरआरआर था जिसके प्रोड्यूसर डीवीवी दानय्या थे. इस फिल्म की कहानी भी एसएस राजामौली के पिता केवी विजयेंद्र प्रसाद ने ही लिखी थी. इस फिल्म के गाने ‘नाटू नाटू’ को ऑस्कर्स में भी बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग का अवॉर्ड भी दिया गया था. ‘नाटू नाटू’ गाना हिंदी में ‘नाचो नाचो टाइटल से रिलीज किया गया था, जिसे विशाल मिश्रा और राहुल सिप्लिगुंज ने गाया था. 550 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 1300 करोड़ के आसपास का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था.
