Last Updated:
धर्मेंद्र के निधन के बाद हेमा मालिनी और उनके सौतेले बेटों सनी देओल व बॉबी देओल के रिश्तों को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं. मुंबई और दिल्ली की प्रार्थना सभाओं को लेकर भी सवाल उठे. अब हेमा मालिनी ने इन चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ते हुए सच्चाई को बयां किया.
धर्मेंद्र के निधन के बाद हेमा मालिनी ने अपने सौतेले बेटों संग रिश्ते पर पहली बार बात की है. नई दिल्ली. दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र की हालिया मौत के बाद उनके परिवार में दरार की अफवाहें जोरों पर थीं. धर्मेंद्र की मौत के बाद दो परिवारों का अलग-अलग शोक सभा रखनी. पहली पत्नी प्रकाश कौर और उनके दोनों बच्चों सनी और बॉबी देओल ने मुंबई प्रेयर मीट का आयोजन किया, जिसमें हेमा मालिनी और उनके दोनों बेटियां नजर नहीं आई. उसी दिन मुंबई में हेमा ने अपने घर में एक शांति पाठ का आयोजन कराया. इसके बाद हेमा ने दिल्ली में एक अलग प्रेयर मीट का आयोजन किया, जिसमें उनके सौतेले बेटे सनी देओल और बॉबी देओल शामिल नहीं हुए. नेटिजन्स ने अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि क्या हेमा और उनके सौतेले बेटों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है?
धर्मेंद्र की दोनों पत्नियां यानी प्रकाश कौर और हेमा मालिनी ने आज तक एक-दूसरे से बात नहीं की. दोनों परिवारों के बीच के मतभेद खूब चर्चाओं में रहे. लेकिन, परिवार ने कभी भी इस मामले पर बात नहीं की. अब दोनों परिवारों के बीच दरार की अफवाहों पर हेमा मालिनी ने चुप्पी तोड़ी है.
क्या मुझे सफाई देना जरूरी है?
इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने सनी और बॉबी के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की. हेमा ने कहा, ‘हमारा रिश्ता हमेशा से बहुत अच्छा और मिलनसार रहा है. आज भी वैसा ही है. मुझे नहीं पता लोग क्यों सोचते हैं कि हमारे बीच कुछ गड़बड़ है. शायद इसलिए क्योंकि लोग गॉसिप चाहते हैं. मुझे उन्हें जवाब क्यों देना चाहिए? क्या मुझे सफाई देना जरूरी है? क्यों दूं? यह मेरी जिंदगी है, हमारी निजी जिंदगी. हम पूरी तरह खुश हैं और एक-दूसरे के बहुत करीब हैं. बस इतना ही.’
इसलिए मैं ऐसे सवालों का जवाब नहीं देती
हेमा ने आगे कहा, ‘मुझे इस बारे में और कुछ नहीं कहना. मुझे नहीं पता लोग कौन-सी कहानियां गढ़ रहे हैं. बहुत दुखद है कि लोग दूसरों के दुख का इस्तेमाल कुछ आर्टिकल लिखने के लिए करते हैं. इसलिए मैं ऐसे सवालों का जवाब नहीं देती.’ उनके इस बयान से साफ है कि परिवार में कोई विवाद नहीं है, बल्कि ये महज सोशल मीडिया की उपज हैं.
अभी तक हेमा ने क्यों नहीं देखी धर्मेंद्र की ‘इक्कीस’
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ 1 जनवरी 2026 को रिलीज हुई थी, सनी और बॉबी ने मुंबई में इसका प्रीमियर आयोजित किया, लेकिन हेमा इसमें शामिल नहीं हुईं. इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है. हेमा बोलीं, ‘जब यह रिलीज हुई, तब मैं मथुरा आई थी. मुझे यहां अपना काम करना है. साथ ही, अभी मैं इसे नहीं देख सकती, यह बहुत भावुक कर देगा. मेरी बेटियां भी यही कह रही हैं.शायद बाद में देखूंगी, जब घाव भरने लगेंगे.’
शादी के पहले 5 साल रिलेशनशिप में रहे धर्मेंद्र और हेमा मालिनी
आपको बता दें कि धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने 1980 में शादी की थी. शादी से पहले वे पांच साल तक डेटिंग लाइफ में थे. कपल की दो बेटियां हुईं ईशा देओल और अहाना देओल. अब हेमा मालिनी सिनेमा के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय हैं और मथुरा से सांसद हैं.
About the Author
शिखा पाण्डेय News18 Digital के साथ दिसंबर 2019 से जुड़ी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. News18 Digital से पहले वह Zee News Digital, Samachar Plus, Virat Vaibhav जैसे प्रतिष्ठ…और पढ़ें
