Last Updated:
फिल्म इंडस्ट्री में कुछ तारीखें सिर्फ कैलेंडर का हिस्सा नहीं होतीं, वे इतिहास बन जाती हैं. 3 जून भी ऐसी ही एक तारीख है, जिसने अलग-अलग सालों में रिलीज हुई कई बड़ी फिल्मों की किस्मत लिखी. इस दिन किसी ने महज कुछ करोड़ के बजट से बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार कर दिखाया तो किसी ने सैकड़ों करोड़ रुपये दांव पर लगाकर भी दर्शकों का दिल नहीं जीता. कहीं एक असली हीरो की कहानी पर्दे पर आई, कहीं अंडरवर्ल्ड का खौफ, कहीं कॉमेडी का धमाल और कहीं इतिहास के पन्नों से निकली शौर्यगाथा… लेकिन नतीजे ऐसे आए, जिन्होंने फिल्म कारोबार का सबसे बड़ा सच सामने रख दिया… बड़ा बजट और बड़े सितारे सफलता की गारंटी नहीं होते. 3 जून को रिलीज हुई इन फिल्मों की कहानी सिर्फ कमाई के आंकड़ों की नहीं, बल्कि उम्मीदों, जोखिम, जीत और करारी हार की भी कहानी है.

नई दिल्ली. भारतीय बॉक्स ऑफिस के इतिहास में कुछ तारीखें महज कैलेंडर का पन्ना नहीं, बल्कि महा-मुकाबले और बड़े उलटफेर की गवाह बनती हैं. ऐसी ही एक ऐतिहासिक तारीख है 3 जून, जिसने अलग-अलग सालों में सिनेमाघरों की खिड़की पर कभी खौफनाक तूफान खड़ा किया तो कभी हंसी के फव्वारे छोड़े. यह एक ऐसा अनोखा शुक्रवार रहा है, जहां करोड़ों के भारी-भरकम बजट और बड़े सुपरस्टार्स का अति-आत्मविश्वास ताश के पत्तों की तरह ढह गया तो दूसरी तरफ सीमित बजट और दमदार कंटेंट के कप्तानों ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस को पूरी तरह तहस-नहस करते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया. एक्शन, अंडरवर्ल्ड का खौफ, शहादत का जज्बा, रोमांस और कॉमेडी का ऐसा अनूठा संगम इस तारीख को देखने को मिला, जिसने सिनेमा के समीकरणों को हमेशा-हमेशा के लिए बदल दिया. आइए जानते हैं इस ऐतिहासिक दिन टकराने वाले उन धुरंधरों का असली रिपोर्ट कार्ड.

साल 2002 में फिल्म आई ‘डी: अंडरवर्ल्ड बादशाह’. यह फिल्म राम गोपाल वर्मा के ‘क्राइम-गैंगस्टर यूनिवर्स’ की एक बेहद संजीदा और कड़क फिल्म मानी जाती है. इसे विश्राम सावंत ने निर्देशित किया था. यह एक क्राइम-ड्रामा फिल्म थी, जिसकी कहानी मुंबई के अंडरवर्ल्ड और डी-कंपनी के उभार के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में एक आम लड़के ‘देसू’ की यात्रा दिखाई गई है, जो धीरे-धीरे अपराध की दुनिया के शीर्ष पर पहुंच जाता है और अंडरवर्ल्ड का बेताज बादशाह बन जाता है. इस फिल्म को राम गोपाल वर्मा की मशहूर फिल्म ‘कंपनी’ का प्रीक्वल भी माना जाता है.

फिल्म में रणदीप हुड्डा, चंकी पांडे, ईशा कोपिकर और यशपाल शर्मा नजर आए थे. फिल्म का बजट काफी सीमित था. 6.5 करोड़ के लागत में बनी ये फिल्म अपने डार्क कंटेंट और बेहतरीन अभिनय के दम पर फिल्म ने क्रिटिक्स से खूब तारीफें बटोरीं और बॉक्स ऑफिस पर इसे एक एवरेज सफलता मिली. रणदीप हुड्डा के करियर के लिए यह फिल्म एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई थी. फिल्म ने दुनियाभर में 8,49,61,000 रुपये की कमाई की थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म ‘रेडी’ अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी एक कम्प्लीट फैमिली एंटरटेनर और ब्लॉकबस्टर मसाला फिल्म थी, जो इसी नाम की एक तेलुगु फिल्म की ऑफिशियल रीमेक थी. फिल्म की कहानी ‘प्रेम कपूर’ (सलमान खान) की है, जो एक अमीर और खुशमिजाज लड़का है. वह अपने परिवार की मदद से ‘संजना’ (असिन) नाम की लड़की को उसके दो लालची और झगड़ालू मामाओं के चंगुल से बचाता है. प्रेम संजना के दोनों परिवारों के बीच की दुश्मनी को खत्म करने के लिए कई मजेदार प्लान बनाता है, जिससे फिल्म में जबरदस्त कॉमेडी पैदा होती है.

‘रेडी’फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया और प्रीतम ने तैयार किया था. फिल्म के गाने जैसे ‘ढिंका चिका’ और ‘कैरेक्टर ढीला’ उस साल के सबसे बड़े चार्टबस्टर गाने बने थे, जो आज भी शादियों और पार्टियों की जान हैं. लगभग 61 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की थी. फिल्म ने भारत में ही 164 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया और दुनियाभर में ₹180 करोड़ से अधिक का बिजनेस करके ‘ब्लॉकबस्टर’ साबित हुई.

साल 2016 में रिलीज हुई साजिद-फरहाद के निर्देशन में बनी ‘हाउसफुल 3’ बॉलीवुड की सबसे सफल कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हाउसफुल’ का तीसरा पार्ट थी. फिल्म की कहानी लंदन के एक अमीर बिजनेसमैन बटुक पटेल (बोमन ईरानी) और उनकी तीन बेटियों (जैकलीन, लिसा, नर्गिस) के इर्द-गिर्द घूमती है. बटुक नहीं चाहता कि उसकी बेटियों की शादी हो, इसलिए वह एक अंधविश्वास का नाटक करता है. तीनों बेटियां जिन लड़कों से प्यार करती हैं (अक्षय, रितेश, अभिषेक), वे बटुक के घर में एंट्री करने के लिए क्रमशः दिव्यांग, अंधे और गूंगे होने का नाटक करते हैं. इसके बाद जो कन्फ्यूजन पैदा होता है, वह दर्शकों को लोटपोट कर देता है.

फिल्म का संगीत मीत ब्रदर्स, तनिष्क बागची और सोहेल सेन ने दिया था. ‘प्यार की मां की’ और ‘टांग उठाके’ जैसे गाने काफी पॉपुलर हुए थे. करीब 97 करोड़ रुपये के भारी बजट और स्टार कास्ट के साथ बनी इस फिल्म को मिक्स रिव्यूज मिले थे, लेकिन दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया. फिल्म ने दुनियाभर में 194 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया और बॉक्स ऑफिस पर ‘सुपरहिट’ रही.

अब बात बॉलीवुड के उस ‘किले’ की, जो ढह गया. बात कर रहे हैं ‘सम्राट पृथ्वीराज’ की. साल 2022 में रिलीज हुई इस फिल्म को 175 करोड़ के बजट में तैयार किया गया था. यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी और डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा निर्देशित इस फिल्म से बॉलीवुड को बहुत उम्मीदें थीं. अक्षय कुमार के साथ मानुषी छिल्लर की ये डेब्यू फिल्म थी. यह फिल्म महान हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन और मोहम्मद गोरी के साथ उनके युद्ध पर आधारित थी.

फिल्म में ‘सम्राट पृथ्वीराज’ की कहानी की बात करें तो इसमें शौर्य, संयोगिता के साथ उनके प्रेम और तराइन के ऐतिहासिक युद्ध को दिखाया गया था. हालांकि, कमजोर स्क्रिप्ट, कमजोर वीएफएक्स और अक्षय कुमार के लुक को लेकर दर्शकों ने फिल्म को सिरे से नकार दिया. फिल्म का संगीत शंकर-एहसान-लॉय ने दिया था. ‘हरि हर’ और ‘योद्धा’ जैसे गानों में राष्ट्रभक्ति का जज्बा तो था, लेकिन वे चार्टबस्टर साबित नहीं हो सके. बॉक्स ऑफिस और वर्डिक्ट की बात करें तो लगभग 200 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी यह फिल्म भारत में बमुश्किल 68 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 90 करोड़ रुपये ही कमा सकी. यह फिल्म महा-फ्लॉप साबित हुई और थिएटर्स खाली रह गए.

कम बजट में देश को रुलाने वाली फिल्म ‘मेजर’ भी जून 2022 में रिलीज हुई. अदिवि शेष स्टारर और शशि किरण टिक्का निर्देशित ‘मेजर’, 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में शहीद हुए रियल-लाइफ हीरो मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की बायोपिक थी. फिल्म की कहानी केवल आतंकी हमले पर केंद्रित नहीं थी, बल्कि यह संदीप के बचपन, उनके फौजी बनने के सपने, उनकी लव-लाइफ और अंततः ताज होटल में देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की एक बेहद भावुक यात्रा थी. अदिवि शेष के अभिनय ने दर्शकों की आंखें नम कर दी थीं.

ये फिल्म हिंदी और तेलेगु भाषा में रिलीज हुई थी. फिल्म का बजट महज 32 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी कहानी लोगों के दिलों पर वैसे राज नहीं सकती. जैसा मेकर्स ने सोचा था. बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, फिल्म ने दुनिया भर से सिर्फ 15,11,00,000 रुपये का कारोबार किया था. फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी.

साल 2022 में ही 3 जून को ‘विक्रम’ रिलीज हुई. फिल्म में कमल हासन का वो तूफान दिखा, जिसने रिकॉर्ड तोड़ दिए. लोकेश कनकराज के निर्देशन में बनी तमिल फिल्म ‘विक्रम’ ने 3 जून को बॉक्स ऑफिस पर वो सुनामी ला दी, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. कमल हासन, विजय सेतुपति और फहद फासिल जैसे दिग्गजों से सजी यह एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर फिल्म थी.

फिल्म की कहानी लोकेश कनकराज के ‘लोकी सिनेमैटिक यूनिवर्स’ (LCU) का हिस्सा थी. कहानी एक सस्पेंडेड ब्लैक-ऑप्स टीम के कमांडर (कमल हासन) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने बेटे की मौत का बदला लेने और ड्रग सिंडिकेट को तबाह करने के लिए मुखौटा पहनकर लौटता है. फिल्म का क्लाइमेक्स और सूर्या का ‘रोलेक्स’ कैमियो रोंगटे खड़े करने वाला था. अनिरुद्ध रविचंदर का म्यूजिक इस फिल्म की जान था.’पोर कंडा सिंगम’ और ‘विक्रम टाइटल ट्रैक’ के साथ-साथ बैकग्राउंड म्यूजिक ने थिएटर्स को स्टेडियम बना दिया था बॉक्स ऑफिस और वर्डिक्ट की बात करें तो केवल 120-150 करोड़ के बजट में बनी ‘विक्रम’ ने दुनियाभर में 430 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया था. यह फिल्म न सिर्फ ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर रही, बल्कि उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्मों में शामिल हुई.
