June 13, 2026
22-2025-12-534b34a382d72ce154c7d23b525cc65d-16x9.jpg
Spread the love


नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर इमरान खान ने साल 2008 में ‘जाने तू या जाने ना’ से डेब्यू किया था और रातों-रात स्टार बन गए थे. इस मूवी को उनके मामा आमिर खान प्रोड्यूस किया था. अब इमरान खान लंबे समय बाद अपकमिंग फिल्म हैप्पी पटेल से कमबैक करने जा रहे हैं, जो साल 2026 में रिलीज होगी. इस बीच इमरान खान ने अपने शुरुआती स्टारडम को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने खुलासा किया कि कभी उन्हें 1 फिल्म के लिए 5 लाख की फीस मिली थी, लेकिन बाद में वह 12 करोड़ तक चार्ज करने लगे थे.

अनफिल्टर्ड बाय समदीश पॉडकास्ट पर इमरान खान ने कहा कि लोगों को ऐसा लगता है कि वह बहुत रईसी में पले-बढ़े हैं, लेकिन यह पूरी तरह सच नहीं है. उन्होंने कहा, ‘मेरे मामा आमिर खान हैं, जो एक बड़े मूवी स्टार हैं, लेकिन वह मेरी मां के कजिन भाई हैं. वो पैसा मेरा नहीं है और न ही वो मुझे मिलने वाला है.’

दोस्तों से कम थी इमरान खान की पॉकेट मनी

इमरान खान ने बताया कि वह अपनी मां और सौतेले पिता के साथ पले-बढ़े, जो खुद एक एक्टर थे. उन्होंने कहा, ’80 और 90 के दशक में जब मैं छोटा था, तो हमारे पास जायदाद तो थी लेकिन पैसों की दिक्कत रहती थी. मेरी पॉकेट मनी मेरे कई दोस्तों से कम हुआ करती थी. ऐसा नहीं था कि मेरे पास पैसे बिल्कुल नहीं थे, लेकिन मैं पैसों में खेल भी नहीं रहा था.’

25 की उम्र में मिलने लगे थे 7 से 10 करोड़ रुपये

अपनी पहली फिल्म की सफलता पर इमरान ने कहा, ‘जब मेरी पहली फिल्म रिलीज हुई और रातों-रात हिट हो गई, तो मैं जीरो से सीधे करोड़ों की कमाई पर पहुंच गया. 25 साल की उम्र में मुझे अचानक 7 से 10 करोड़ रुपये मिलने लगे.’ दिलचस्प बात है कि ‘जाने तू या जाने ना’ की रिलीज से पहले ही इमरान तीन फिल्में पूरी कर चुके थे.

12 करोड़ था करियर का सबसे बड़ा चेक

उन्होंने याद करते हुए बताया, ‘पहली फिल्म ‘जाने तू या जाने ना थी, जो मेरी होम प्रोडक्शन थी. दूसरी फिल्म किडनैप थी, जिसके लिए मेकर्स मुझे लेना ही नहीं चाहते थे और उन्होंने कहा कि ये ले 5 लाख. लेकिन अगली ही फिल्म के लिए मुझे 7-8 करोड़ मिले. मैंने सोचा कि क्या मेरी एक्टिंग पिछली फिल्म के मुकाबले वाकई इतनी ज्यादा सुधर गई है?’ इमरान खान जब 27-28 साल के हुए, तब उनके पास उनकी सोच से भी कहीं ज्यादा पैसा था. उन्होंने कहा, ‘मैं पैसों का भूखा नहीं था और मेरे दोस्त मेरे मुकाबले कहीं भी नहीं कमा रहे थे. इस वजह से मैं खुद को कटा हुआ महसूस करने लगा.’ एक्टर ने खुलासा किया कि उनके करियर का सबसे बड़ा चेक 12 करोड़ रुपये का था.

साल 2015 में बॉलीवुड इंडस्ट्री से बना ली दूरी

बताते चलें कि इमरान खान ने मामा आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘जाने तू या जाने ना’ से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने ‘लक’, ‘आई हेट लव स्टोरीज’, ‘ब्रेक के बाद’, ‘डेली बेली’, ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ और ‘एक मैं और एक तू’ जैसी फिल्मों में काम किया. हालांकि, इनमें से कोई भी फिल्म बड़ी हिट साबित नहीं हुई. साल 2015 में वह ‘कट्टी बट्टी’ में नजर आए और उसके बाद उन्होंने फिल्मों से ब्रेक ले लिया.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks