May 27, 2026
vastu-tips-2026-05-29b16ea199f54f01f386e79e51cf0774-1200x675.jpg
Spread the love


Vastu Tips For Home Paintings: घर को सजाना अब सिर्फ सुंदरता तक सीमित नहीं रह गया है. आजकल कई लोग अपने घरों में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि लाने के लिए वास्तु शास्त्र की मदद ले रहे हैं. वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, सही दिशा में सही तरह की पेंटिंग्स लगाने से आपके मूड, सक्सेस, रिलेशन और इकोनॉमिक स्टेटस पर अच्छा असर पड़ सकता है. झरनों से लेकर दौड़ते घोड़ों तक, कुछ पेंटिंग को घर में सौभाग्य लाने और नकारात्मक ऊर्जा दूर करने के लिए शुभ माना जाता है. यहां हम सात ऐसी लकी पेंटिंग्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें घर में लगाने की सलाह दी जाती है और साथ ही उनकी सही दिशा भी बता रहे हैं.

कमल के फूल की पेंटिंग
वास्तु शास्त्र के अनुसार, कमल का फूल शुद्धता, ज्ञान और आंतरिक शांति का प्रतीक माना जाता है. माता लक्ष्मी इसी फूल पर विराजमान होकर भक्तों को आशीर्वाद देती हैं. कमल के फूल की पेंटिंग खासतौर पर बेडरूम और मेडिटेशन रूम के लिए अच्छा है. वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पूर्व दिशा में कमल की पेंटिंग लगाने से घर में शांति और आध्यात्मिक विकास होता है.

मोर की पेंटिंग
मोर की पेंटिंग्स सुंदरता, सकारात्मकता और धन से जुड़ी होती हैं. हमेशा भगवान कृष्ण के साथ दिखने वाला यह पक्षी बेहद चमत्कारी माना जाता है. मान्यता है कि ये मोर की पेंटिंग नकारात्मक ऊर्जा को सोख लेती हैं और घर में सामंजस्य लाती हैं. इन्हें पूर्व, उत्तर-पूर्व या दक्षिण-पूर्व दीवार पर लगाया जा सकता है.

बुद्ध की पेंटिंग
बुद्ध की पेंटिंग घर में शांति, सौहार्द और आध्यात्मिक संतुलन लाने के लिए होती है. वास्तु विशेषज्ञों का कहना है कि बुद्ध की पेंटिंग्स को पूर्व, उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा में, खासकर घर के प्रवेश द्वार या मेडिटेशन एरिया के पास लगाना चाहिए. इस पेंटिंग को लगाने से घर में सुख-शांति बनी रहती है.

सूर्योदय की पेंटिंग
घर में उगते सूरज की पेंटिंग लगाना बेहद शुभ माना जाता है. उगते सूरज की पेंटिंग नए आरंभ, आशावाद और अच्छी ऊर्जा का प्रतीक है. हल्के नारंगी, पीले और नीले रंग इसमें अच्छे माने जाते हैं. वास्तु के अनुसार, ऐसी पेंटिंग्स को पूर्व दिशा में लगाना चाहिए, जिससे प्रेरणा और ऊर्जा मिलती है.

झरनों की पेंटिंग
झरने, नदियां या बहती धाराएं पेंटिंग्स को घर में लगाना अच्छा माना जाता है, क्योंकि ये समृद्धि और धन के प्रवाह से जुड़ी होती हैं. वास्तु शास्त्र के अनुसार, ऐसी कलाकृतियां उत्तर, पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा में लगानी चाहिए. पेंटिंग में पानी साफ और घर के अंदर की ओर बहता हुआ दिखना चाहिए, जिससे समृद्धि घर में आए.

ट्री ऑफ लाइफ की पेंटिंग
ट्री ऑफ लाइफ यानी जीवन वृक्ष, विकास, स्थिरता और पारिवारिक एकता का प्रतीक है. यह कलाकृति अक्सर लिविंग रूम में लगाई जाती है, जिससे घर में शांति और सामंजस्य बना रहे. वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, इसे पूर्व दिशा की दीवार पर लगाना सबसे अच्छा है, क्योंकि यह स्वास्थ्य और भावनात्मक सुख-शांति को बढ़ाता है.

सात दौड़ते घोड़ों की पेंटिंग
वास्तु के अनुसार सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली पेंटिंग्स में से एक है सात दौड़ते घोड़ों की तस्वीर. यह ताकत, गति, महत्वाकांक्षा और तरक्की का प्रतीक है. इस पेंटिंग को पूर्व या दक्षिण दिशा की दीवार पर लगाना सबसे अच्छा माना जाता है, जिससे सफलता और करियर में तरक्की मिलती है. लेकिन ध्यान रहे कि पेंटिंग बहुत गहरी या आक्रामक ना हो.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks