April 13, 2026
b2069453358675bfcc141919884895681776097645256975_original.jpg
Spread the love


IPL 2026 का अपना पहला मैच खेलने उतरे प्रफुल हिंगे को ‘ड्रीम डेब्यू’ मिला है. सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रनों का स्कोर खड़ा किया था. राजस्थान रॉयल्स को भी वैभव सूर्यवंशी पर गुमान होने लगा होगा, इसलिए उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ओपनिंग के लिए बुलाया. मगर किसने सोचा था कि प्रफुल हिंगे नाम का गेंदबाज, अपने आईपीएल डेब्यू मैच में ही सनसनी मचा देगा.

प्रफुल हिंगे पहला ओवर करने आए. सबसे पहली गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने एक रन लिया, लेकिन दूसरी ही गेंद पर खूंखार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में बिना खाता खोले आउट हो गए. अगली 4 गेंदों के भीतर ही ध्रुव जुरेल और लुआन ड्री प्रिटोरियस भी आउट हो गए. गजब का संयोग यह रहा कि ये तीनों बल्लेबाज ‘जीरो’ पर आउट हो गए.

प्रफुल हिंगे इतिहास में ऐसे पहले गेंदबाज हैं, जिन्होंने IPL मैच की किसी पारी के पहले ही ओवर में 3 विकेट चटकाए हों. ऐसे की गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने पारी के पहले ओवर में 2 विकेट लिए हों, लेकिन प्रफुल 3 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज हैं.

कौन हैं प्रफुल हिंगे?

24 वर्षीय प्रफुल हिंगे महाराष्ट्र के नागपुर से आते हैं. वो भारतीय डोमेस्टिक क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं. प्रफुल के करियर को उड़ान देने में उनकी बहन का बड़ा योगदान रहा है. उनकी बहन चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और देर रात तक पढ़ाई करती थीं. अपनी बहन की मेहनत और लगन देख, प्रफुल भी किसी क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ बनना चाहते थे.

प्रफुल को शुरुआत में पिता का सपोर्ट नहीं मिला था, ये उन दिनों की बात हैं जब प्रफुल की उम्र 12 वर्ष हुआ करती थी. मगर एक समर कैम्प ट्रायल के बाद पिता ने भी प्रफुल को क्रिकेट जारी रखने के लिए हरी झंडी दे दी थी.

पढ़ाई में अच्छे नहीं थे प्रफुल

प्रफुल हिंगे का पढ़ाई में मन नहीं लगता था, लेकिन क्रिकेट के खेल से उन्हें बहुत ज्यादा लगाव होने लगा था. प्रफुल, भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज उमेश यादव को अपना आइडल मानते हैं. यहां तक कि दोनों ने विदर्भ के लिए ड्रेसिंग रूम भी शेयर किया है. उमेश, जो भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 288 विकेट ले चुके हैं. प्रफुल को एक स्टार तेज गेंदबाज के रूप में पहचान बनाने की प्रेरणा उमेश यादव से ही मिली है.

मंदिर में बैठ, देख रहे थे ऑक्शन

जब IPL 2026 का ऑक्शन चल रहा था, तब आमतौर पर खिलाड़ियों की नजरें टीवी पर गढ़ी रहती हैं. सबकी तरह प्रफुल भी ऑक्शन लाइव देख रहे थे, लेकिन वो नागपुर स्थित अपने घर पर नहीं थे बल्कि घर से नजदीक एक मंदिर में बैठकर ऑक्शन देख रहे थे. पिछले सीजन भी उनका नाम ऑक्शन में था, लेकिन किसी भी टीम ने उनपर बोली नहीं लगाई थी. उस समय प्रफुल ने अपने पिता से वादा किया कि अगले सीजन उनपर बोली जरूर लगेगी और वाकई उनकी मेहनत रंग लाई.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks