Last Updated:
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के जेठालाल यानी दिलीप जोशी ने हाल ही में अभिनेता राकेश बेदी की जमकर तारीफ की. ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ में ‘जमील जमाली’ बने राकेश बेदी की सफलता पर दिलीप ने कहा, ‘मैं इतना बड़ा नहीं हूं कि राकेश जी के बारे में कुछ कह सकूं.’ उन्होंने बताया कि 1998 में शो ‘हम सब एक हैं’ के दौरान भी राकेश बेदी बड़े स्टार थे, लेकिन उन्होंने कभी अपने स्टारडम का अहसास नहीं होने दिया.

नई दिल्ली. ब्लॉकबस्टर स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सिनेमा में कंटेंट किंग है. इस फिल्म में राकेश बेदी ने ‘जामील जमाली’ के किरदार से सबका दिल जीत लिया. लेकिन इसी बीच ʼतारक मेहता का उल्टा चश्माʼ के जेठालाल यानी दिलीप जोशी ने अपने पुराने दोस्त और सह-कलाकार राकेश बेदी के लिए दिल खोलकर बात की है. उन्होंने 1998 के मशहूर सिटकॉम ‘हम सब एक हैं’ के दिनों को याद किया और राकेश बेदी की जमकर तारीफ की.

आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ में राकेश बेदी ‘जमील जमाली’ के किरदार में नजर आए हैं. फिल्म को रिलीज हुए 44 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब भी इसका बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन जारी है. इसी बीच दिलीप जोशी ने आईएएनएस से बातचीत में अपने पुराने को-स्टार के बारे में दिल छू लेने वाली बातें कहीं.

दिलीप जोशी ने कहा, ‘आज पूरी दुनिया उनके काम की तारीफ कर रही है और मैं तो राकेश जी के बारे में कहने के लिए बहुत छोटा हूं.’ उन्होंने आगे बताया कि राकेश बेदी सिर्फ धुरंधर 2 की सफलता के बाद ही बड़े स्टार नहीं बने, बल्कि 1998 में वे पहले से ही बहुत बड़ा नाम थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दिलीप जोशी ने उन दिनों को याद किया जब वे और राकेश बेदी साथ में सिटकॉम ‘हम सब एक हैं’ में काम करते थे. यह शो एक संयुक्त परिवार और राष्ट्रीय एकता की थीम पर आधारित था. दिलीप ने कहा, ‘उस दौरान राकेश जी पहले से ही बहुत बड़े स्टार थे, फिर भी वे बेहद विनम्र थे. उन्होंने कभी किसी को ये एहसास नहीं होने दिया कि वे इतने बड़े लीजेंड हैं. हम उस समय काफी नए थे, लेकिन उन्होंने पूरी टीम की तरह हमारे साथ काम किया.’

राकेश बेदी लंबे समय से टीवी और फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं. ‘श्रीमान श्रीमती’, ‘ये जो है जिंदगी’ और कई कॉमेडी शोज में उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया. अब ‘धुरंधर 2’ में उनका गंभीर और दमदार अंदाज भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है. (फोटो साभार: IMDb)

वहीं बात करें ‘धुरंधर 2’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की तो फिल्म ने अपने जलवे बरकरार रखे हैं. आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस स्पाई थ्रिलर ने 44 दिन थिएटर्स में रहने के बाद भी दर्शकों का ध्यान बनाए रखा है.

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1785 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा. हालांकि अब रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ ने मराठी और हिंदी दोनों वर्जन में मजबूत प्रदर्शन करते हुए बढ़त बना ली है, फिर भी धुरंधर 2 की कमाई देखते ही बनती है.
