Last Updated:
3 Iconic Bollywood Story : बॉलीवुड फिल्मों की कहानियों की अक्सर चर्चा होती है. हर फिल्म में कई तरह एंगल होते हैं. ऐसे कई एंगल जोड़कर फिल्म बनती है. बॉलीवुड में कई फिल्में ऐसी भी बनी हैं जिनकी पूरी कहानी सिर्फ एक लाइन की थी. मजेदार बात यह है कि जब भी ऐसी फिल्में बनीं, बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. आज हम ऐसी ही तीन फिल्मों के बारे में बताएंगे जिनकी कहानी को सिर्फ एक लाइन में रेखांकित किया जा सकता है. दिलचस्प बात यह है कि तीनों ही फिल्में एक ही बॉलीवुड सुपर स्टार की थीं. ये तीनों फिल्में कौन सी थीं, आइये जानते हैं…..

मार्च 2026 में रिलीज हुई रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर2’ पिछले 50 दिन से सिनेमाघरों में चल रही है. फिल्म अब तक ₹1,829 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर चुकी है. यह बॉलीवुड की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है. भारतीय जासूस जसकीरत सिंह रांगी की कहानी फिल्म में दिखाई देती है जो भारत के दुश्मनों से पाकिस्तान में चुन-चुनकर बदला लेता है. ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बीच बॉलीवुड की एक और फिल्म ‘दंगल’ का नाम सुनने को मिलता है. आमिर खान की ‘दंगल’ फिल्म दिसंबर 2016 में रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी सिर्फ एक लाइन की थी. इतना ही नहीं आमिर खान ने ऐसी कई फिल्मों में काम किया जिनकी कहानी सिर्फ एक लाइन में रेखांकित होती है. इन तीनों फिल्मों में बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्त कमाई की.

आमिर खान ने अपने एक इंटरव्यू में खुद ही इसका खुलासा किया था. आमिर खान ने बताया था कि उनके पिता ताहिर हुसैन राइटर से फिल्म की कहानी सिर्फ एक लाइन में सुनाने को कहा करते थे. पूरे तीन घंटे के नैरेशन के बाद वो सिर्फ एक लाइन में कहानी सुना करते थे. जो राइटर ऐसा कर पाते थे, उनकी फिल्म को वो प्रोड्यूस किया करते थे. आमिर खान ने अपने पिता की इसी खूबी का इस्तेमाल अपनी फिल्मों में किया और एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर फिल्में हिंदी सिनेमा को दीं.

उदाहरण के तौर पर ‘दंगल’ फिल्म की कहानी सिर्फ एक लाइन की थी. ‘हमारी छोरियां छोरों से कम है के’. बस सिर्फ एक लाइन की थीम पर पूरी फिल्म बनी थी. आमिर खान ने अपने इंटरव्यू में बताया था, ‘आप फिल्म में क्या कहना चाहते हैं, आपकी एक लाइन में कहानी क्या है. अगर आप एक लाइन में कहानी नहीं बता सकते तो फिर आपकी फिल्म कनफ्यूज करेगी.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

‘दंगल’ सामाजिक मुद्दे पर बनी फिल्म थी जिसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया था. ‘सत्यमेव जयते’ के एक एपिसोड में आमिर खान ने फोगाट बहनों यानी गीता फोगाट और बबीता फोगाट से मुलाकात की थी. हरियाणा के छोटे से गांव बलाली से आने वाले महावीर फोगाट के संघर्ष को पूरे दुनिया के सामने लेकर आए थे. दिलचस्प बात यह है कि आमिर खान ने शुरुआत में इस फिल्म के लिए इनकार कर दिया था. उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में बताया था ‘मैंने डायरेक्टर नितिश तिवारी से कहा था कि अभी-अभी धूम 3 से निकला हूं. टनाटन लग रहा हूं. अब मुझे 55 साल का मोटा इंसान, चार बेटियों का बाप बना रहे हो. आपको शाहरुख खान के आदमी ने भेजा है.’

दंगल फिल्म में साक्षी तंवर, आमिर खान, फातिमा सना शेख, सान्या मल्होत्रा लीड रोल में नजर आए थे. म्यूजिक प्रीतम का था. गीतकार थे अमिताभ भट्टाचार्य. स्क्रीनप्ले श्रेयस जैन ने लिखा था. आमिर खान, किरण राव और यूटीवी मोशन पिक्चर ने फिल्म को प्रोड्यूस किया. फिल्म ने इतिहास रच दिया. करीब 20 करोड़ के बजट में बनी दंगल मूवी ने वर्ल्ड वाइड 2000 करोड़ की कमाई की थी. यह बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है.

इस लिस्ट में दूसरा नाम 2001 में रिलीज हुई ‘लगान’ फिल्म का है. इस फिल्म की कहानी भी सिर्फ एक लाइन की थी. इस फिल्म के बारे में आमिर खान ने कहा था कि ‘लगान’ फिल्म ‘जब तक जिंदगी, तब तक उम्मीद’ का मैसेज देती है. इंसान को आखिरी दम तक हार नहीं मानना चाहिए. वैसे इस फिल्म की कहानी सिर्फ 5 मिनट में डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर ने आमिर खान को सुनाई थी.

आमिर खान ने शुरुआत में ही इस फिल्म को करने से इनकार कर दिया था. जब आमिर खान किसी तरह फिल्म बनाने के लिए तैयार हुए वो जावेद अख्तर के पास पहुंचे. स्क्रिप्ट पढ़कर जावेद अख्तर ने इस फिल्म को ना बनाने की सलाद दी. गोवारिकर-आमिर खान ने जावेद अख्तर की बात नहीं मानी. मूवी मैसिव हिट रही और ऑस्कर तक पहुंची. लगान फिल्म की शुरुआती और अंतिम नैरेशन अमिताभ बच्चन की आवाज में था. आशुतोष गोवारिकर-आमिर खान से अमिताभ ने कहा था कि मैं जिस फिल्म में वॉइस ओवर देता हूं, वो फिल्म फ्लॉप हो जाती है. आमिर ने रिस्क लिया. फिल्म जब रिलीज हुई तो इतिहास रच दिया. 24 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 66 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था.

इस लिस्ट में आखिरी नाम ‘पीके’ फिल्म का है. 2014 में आमिर खान की यह विवादास्पद फिल्म रिलीज हुई थी. डायरेक्टर राजकुमार हिरानी थे. विधु विनोद चोपड़ा प्रोड्यूसर थे. कहानी अजिताभ जोशी और राजकुमार हिरानी ने लिखी थी. इस फिल्म की कहानी भी एक लाइन की थी. ‘सबका मालिक एक’ सिर्फ एक लाइन की कहानी को फिल्म के तौर पर डेवलप किया गया. ‘भगवान से मिलने के लिए किसी मिडिल मैन की जरूरत नहीं’, फिर इस मैसेज के साथ बनाई गई थी. पूरे देश में इस मूवी को लेकर जबर्दस्त विरोध भी देखने को मिला था. कई धार्मिक संगठनों ने हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए फिल्म को बैन करने की भी मांग की थी. 122 करोड़ के बजट में बनी पीके मूवी ने 13 दिन में ही कमाई के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. फिल्म ने 792 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.
