May 26, 2026
b2712c0f52364be9f01fedf6bf65a5f617702527430551212_original.jpg
Spread the love


अंडर-19 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 206 की स्ट्राइक रेट से विस्फोटक पारी खेली, अन्य ओपनर आरोन जॉर्ज ने शतक लगाया. इन पारियों की मदद से अफगानिस्तान द्वारा दिया गया 311 रनों का बड़ा लक्ष्य छोटा लगने लगा. कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी अर्धशतकीय पारी खेली. भारत ने अफगानिस्तान पर 7 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. ये अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है. अब खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा, जो ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में पहुंची है.

वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी

311 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत ही शानदार हुई थी. आरोन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की, इसमें 68 रन वैभव के ही थे. उन्होंने 206.06 की स्ट्राइक रेट से 33 गेंदों में 68 रन बनाए. इस पारी में उन्होंने 4 छक्के और 9 चौके जड़े.

वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं, उन्होंने 6 पारियों में 264 रन बनाए हैं. इसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं. वैभव जब आउट हुए तब भारत का स्कोर सिर्फ 9.3 ओवरों में 90 रन था. ये शानदार शुरुआत थी, जिसके बाद आरोन जॉर्ज और आयुष म्हात्रे ने दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की.

आयुष म्हात्रे ने 59 गेंदों में 4 छक्के और 5 चौकों की मदद से 62 रन बनाए. म्हात्रे 27वें ओवर में आउट हुए, तब भारत का स्कोर 204 रन था. 311 रनों का लक्ष्य छोटा लगने लगा था. इसके आरोन जॉर्ज ने अपना शतक पूरा किया. वह शतक लगाकर 40वें ओवर में आउट हुए, तब भारत की जीत की दहलीज पर खड़ा था. जॉर्ज ने 104 गेंदों में 2 छक्के और 15 चौकों की मदद से 115 रन बनाए.

अफगानिस्तान के 2 बल्लेबाजों ने लगाया शतक

टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. इस ग्राउंड (हरारे स्पोर्ट्स क्लब) पर टीम इंडिया का इस संस्करण में पहला मैच था. ये बल्लेबाजी के अनुकूल था. फैसल खान ने लगातार दूसरा शतक लगाया, उन्होंने 93 गेंदों में 110 रन बनाए. उज़ैरउल्लाह नियाजई ने 101 रनों की नॉटआउट पारी खेलकर स्कोर 300 से पार पहुंचने में महत्वपूर्ण रोल निभाया. नियाजई ने 86 गेंदों में 2 छक्के और 12 चौकों की मदद से 101 रन रन बनाए. भारत के लिए दीपेश देवेन्द्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट लिए.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks