Last Updated:
हिंदी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस सारिका का जीवन संघर्ष और मेहनत की मिसाल रहा है. जिस उम्र में बच्चे स्कूल जाते हैं और दोस्तों के साथ खेलते हैं, उस उम्र में सारिका अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाने लगी थीं. बचपन से शुरू हुआ उनका संघर्ष ही आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी ताकत बना.3 जून 1960 को जन्मी सारिका आज अपना 66वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं.

नई दिल्ली. एक्टिंग की दुनिया की जानी मानी एक्ट्रेस सारिका का बचपन काफी मुश्किलों में बीता है. उनके पिता परिवार से अलग हो गए थे, जिसके बाद घर की आर्थिक जिम्मेदारियां बढ़ गईं. ऐसे हालात में सारिका ने महज 5 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था और परिवार की जिम्मेदारी उठाई और सहारा बनने के लिए उन्होंने फिल्मों में कदम रखा.

छोटी उम्र में काम के चलते ही उन्हें स्कूल जाने का मौका नहीं मिला, लेकिन जिंदगी ने उन्हें ऐसे सबक सिखाए जो किसी किताब में नहीं मिलते. सारिका ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी. शुरुआती दिनों में उन्होंने कई फिल्मों में लड़कों के किरदार भी निभाए.

देखते ही देखते उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बना ली. फिल्म ‘गीत गाता चल’ ने उन्हें खास लोकप्रियता दिलाई. इसके अलावा उन्होंने अपने करियर में ‘आशीर्वाद’, ‘छोटी बहू’, ‘जिद’, ‘वंदना’, ‘गृह प्रवेश’ और ‘खुशबू’ जैसी फिल्मों में उनके काम को काफी पसंद किया गया. उनकी सादगी और सहज अभिनय ने लोगों का दिल जीत लिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सारिका की निजी जिंदगी भी लंबे समय तक सुर्खियों में रही. उनका नाम अभिनेता कमल हासन के साथ जुड़ा. दोनों कई साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और बाद में शादी कर ली. उनकी दो बेटियां हैं, श्रुति हासन और अक्षरा हासन. श्रुति आज फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं, जबकि अक्षरा भी अभिनय की दुनिया में एक्टिव हैं.

साल 1988 में सारिका और कमल हासन ने शादी की थी, लेकिन साल 2004 में दोनों अलग हो गए.अभिनय के अलावा सारिका ने पर्दे के पीछे भी अपने टैलेंट को साबित किया. उन्होंने बतौर कॉस्ट्यूम डिजाइनर भी काम किया. फिल्म ‘हे राम’ के लिए उन्हें बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइन का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला.

वहीं फिल्म ‘परजानिया’ में उनके दमदार अभिनय ने आलोचकों और दर्शकों दोनों का दिल जीता. इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला.बचपन के संघर्ष से लेकर राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने तक का सफर सारिका की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास की कहानी बयां करता है. यही वजह है कि वह आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे सम्मानित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं.

सारिका ने अपने दौर के तकरीबन हर दिग्गज एक्टर संग काम किया. उन्होंने सचिन पिलगांवकर के साथ फिल्म ‘गीत गाता चल’ में काम किया, जिसने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई. इसके अलावा वह विनोद मेहरा, अमोल पालेकर, जितेंद्र, ऋषि कपूर और मिथुन चक्रवर्ती जैसे स्टार्स के साथ भी उन्होंने काम किया. साउथ इडंस्ट्री में भी उन्होंने काम से अपनी अलग पहचान बनाई.

बता दें कि सारिका को अपने करियर में दो बार नेशनल अवॉर्ड मिला. एक बार कमल हासन की मूवी ‘हे राम’ में कॉस्ट्यूम डिजाइन करने के लिए और दूसरी बार साल 2005 में ‘परजानिया’ फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड मिला था.
