90 के दशक की बात ही अलग थी. चमकते रंग, मस्त धुनें और दिल में बस जाने वाला रोमांस. इसी दौर का एक ऐसा सुपरहिट गाना है ‘ये नीली पीली चूड़ियां’, जिसे सुनते ही दिल अपने-आप झूमने लगता है. 1994 की फिल्म ‘इक्का राजा रानी’ का यह गाना आज भी उतनी ही ताजगी के साथ याद किया जाता है. गोविंदा के चंचल एक्सप्रेशन्स और बांसुरी बजाने वाला उनका आइकॉनिक अंदाज, साथ ही आयशा जुल्का की खनकती चूड़ियां… दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने इस गाने को 90s का फुल-ऑन रोमांटिक चार्म दे दिया. इस गाने की धुन जैसे ही बजती है, पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं और दिल उसी मासूम, रंगीन दौर में लौट जाता है, जब ऐसे गाने हर पार्टी, हर रेडियो और हर मोहब्बत की धड़कन बन जाते थे. समीर के शरारती बोल और उदित नारायण-अलका याग्निक की जादुई जोड़ी ने इस गाने को अमर बना दिया.
